ऑनलाइन डेटिंग एप से ब्लैकमेल कर लूट करने वाले 4 शातिर गिरफ्तार, ज्वैलरी व नगद बरामद

नोएडा। थाना सेक्टर-126 नोएडा पुलिस ने स्थानीय खुफिया तंत्र की मदद से बड़ी कार्रवाई करते हुए ऑनलाइन डेटिंग एप के जरिए लोगों को फंसाकर ब्लैकमेल और लूट करने वाले एक संगठित गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी 2 अप्रैल 2026 को की गई। पकड़े गए अभियुक्तों में सुशांक सिंह (25), प्रदीप (20), रोहित कुमार (23) और वासु (25) शामिल हैं। इनके कब्जे से एक डायमंड सॉलिटेयर नग, एक सोने की चेन और 14,530 रुपये नगद बरामद किए गए हैं।

ऐसे देते थे वारदात को अंजाम

पुलिस के अनुसार यह गिरोह बेहद शातिर तरीके से काम करता था। अभियुक्त सबसे पहले फर्जी आधार कार्ड के जरिए किराए पर कमरा लेते थे ताकि उनकी असली पहचान सामने न आए। इसके बाद विभिन्न डेटिंग एप पर फर्जी प्रोफाइल बनाकर पीड़ितों से संपर्क करते और उन्हें किराए के ठिकाने पर बुला लेते थे।

जैसे ही पीड़ित वहां पहुंचता, अभियुक्त उसे आपत्तिजनक स्थिति में ले जाकर उसकी फोटो और वीडियो बना लेते थे। फिर उस सामग्री को परिवार और समाज में वायरल करने की धमकी देकर पीड़ित को ब्लैकमेल किया जाता था। डर और दबाव में आए पीड़ित से नगद रकम वसूली जाती और उसके सोने-चांदी के गहने भी छीन लिए जाते थे। गिरोह चोरी के मोबाइल और सिम कार्ड का इस्तेमाल कर अपनी पहचान छुपाता था, जिससे इनका पता लगाना मुश्किल हो जाता था।

अभियुक्तों का विवरण

चारों आरोपी दिल्ली-एनसीआर के अलग-अलग इलाकों के निवासी हैं। सुशांक सिंह मूल रूप से बुलंदशहर, प्रदीप मथुरा, रोहित कुमार बिहार के सिवान जिले और वासु बागपत का रहने वाला है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है और गिरोह के अन्य संभावित सदस्यों तथा पूर्व में की गई वारदातों का भी पता लगाया जा रहा है।

 

यह भी पढ़ें: डिजिटल इंडिया 2.0: भारत का नया मीडिया एवं डिजिटल कोड 2026, मीडिया की आज़ादी पर ग्रहण

यहां से शेयर करें