फोर्टिस अस्पताल: वैलेंटाइन डे पर महिलाओं ने दी पतियों नई जिंदगी

Noida News। वैलेंटाइन डे के अवसर पर सेक्टर-62 स्थित फोर्टिस हॉस्पीटल नोएडा में दो सफल जीवनरक्षक किडनी ट्रांसप्लांट कर सच्चे प्रेम और समर्पण की मिसाल पेश की गई। दोनों मामलों में पत्नियों ने अपने-अपने पति को गुर्दा दान कर उन्हें नया जीवन दिया। पहले मामले में 57 वर्षीय जयपाल, जो पूर्व में लिवर ट्रांसप्लांट करा चुके थे, किडनी फेल होने के बाद डायलिसिस पर निर्भर हो गए थे। अन्य उपयुक्त डोनर न मिलने पर उनकी पत्नी ने आगे आकर गुर्दा दान किया। करीब साढ़े तीन घंटे चली जटिल सर्जरी सफल रही और अब मरीज डायलिसिस-मुक्त होकर स्वस्थ जीवन जी रहे हैं।

दूसरे मामले में 48 वर्षीय अमित कुमार का किडनी फंक्शन गंभीर रूप से प्रभावित हो गया था और उन्हें तत्काल डायलिसिस की जरूरत पड़ी। पारिवारिक परिस्थितियों को देखते हुए उनकी पत्नी ने गुर्दा दान का निर्णय लिया। विस्तृत चिकित्सकीय जांच के बाद प्रत्यारोपण सफल रहा और अब वे भी सामान्य जीवन व्यतीत कर रहे हैं। डायरेक्टर नेफ्रोलॉजी डॉ. अनुजा पोरवाल ने बताया कि एंड-स्टेज किडनी रोगियों के लिए समय पर किडनी ट्रांसप्लांट ही जीवन बचाने का प्रभावी उपाय है। वहीं जोनल डायरेक्टर मोहित सिंह ने कहा कि इन मामलों ने चिकित्सा उत्कृष्टता के साथ-साथ निस्स्वार्थ प्रेम और पारिवारिक समर्पण की ताकत को भी उजागर किया है।

 

यह भी पढ़ें: नगर निगम की आकर्षक पेंटिंग से महाशिवरात्रि पर शिवमय हुआ शहर 

यहां से शेयर करें