फरीदाबाद। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की कक्षा 10 और 12 की बोर्ड परीक्षाओं को नकल-मुक्त और पूरी तरह निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के उद्देश्य से फरीदाबाद के उपायुक्त (डीसी) आयुष सिन्हा ने जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परीक्षा व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया और स्पष्ट संदेश दिया कि नकल अथवा किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
एंट्री प्रक्रिया और सुरक्षा व्यवस्था की ली जानकारी
निरीक्षण के दौरान डीसी आयुष सिन्हा ने परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों की प्रवेश प्रक्रिया, फ्रिस्किंग और सुरक्षा प्रबंधों का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने यह भी जानकारी ली कि किसी भी अनियमित गतिविधि की संभावना को रोकने के लिए केंद्र स्तर पर क्या-क्या कदम उठाए जा रहे हैं। इसके साथ ही उन्होंने सभी कक्षाओं का निरीक्षण कर विद्यार्थियों की बैठने की व्यवस्था, परीक्षा देने की प्रक्रिया और अनुशासन की स्थिति का गहन अवलोकन किया।
नकल करने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई
डीसी आयुष सिन्हा ने निरीक्षण के दौरान स्पष्ट चेतावनी दी कि नकल या किसी भी प्रकार की अनियमितता में संलिप्त पाए जाने वाले अभ्यर्थियों और उनकी मदद करने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन बोर्ड परीक्षाओं को पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
आमजन से की सहयोग की अपील
उपायुक्त ने आमजन से भी अपील की कि वे जिला प्रशासन का सहयोग करें और अपने बच्चों व आसपास के विद्यार्थियों को ईमानदारी तथा पूर्ण तैयारी के साथ परीक्षा देने के लिए प्रोत्साहित करें। उन्होंने कहा कि परीक्षाओं में ईमानदारी ही विद्यार्थियों के उज्जवल भविष्य की नींव है।

