दुबई एयरपोर्ट के पास फिर ड्रोन हमला: फ्यूल टैंक में लगी आग, उड़ानें निलंबित — ईरान-अमेरिका-इजरायल युद्ध का असर जारी

Dubai/ Delhi: मध्य पूर्व में जारी युद्ध का असर सोमवार को एक बार फिर दुनिया के सबसे व्यस्त हवाई अड्डों में से एक दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर देखने को मिला। सोमवार को एयरपोर्ट के पास एक ड्रोन हमले में नजदीकी फ्यूल टैंक में आग लग गई, जिसके बाद उड़ानें अस्थायी रूप से निलंबित कर दी गईं। दुबई मीडिया ऑफिस ने X (ट्विटर) पर जानकारी दी कि दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट (DXB) के आसपास हुई इस ड्रोन घटना में एक फ्यूल टैंक प्रभावित हुआ। हमले के बाद DXB पर उड़ानें अस्थायी रूप से रोक दी गईं और कुछ उड़ानें जेबल अली स्थित अल-मकतूम इंटरनेशनल एयरपोर्ट की ओर डायवर्ट की गईं। एमिरेट्स एयरलाइन ने भी दुबई से आने-जाने वाली उड़ानों को अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया। दुबई के मीडिया ऑफिस ने बताया कि आग पर काबू पा लिया गया है और अभी तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।

युद्ध की पृष्ठभूमि

28 फरवरी को अमेरिका और इजरायल के ईरान पर हमले के बाद से खाड़ी देशों पर 2,000 से अधिक मिसाइल और ड्रोन हमले हो चुके हैं, जिनमें अमेरिकी कूटनीतिक मिशन और सैन्य अड्डे भी निशाने पर रहे हैं। UAE की वायु रक्षा प्रणाली के अनुसार, मंगलवार तक ईरान द्वारा 1,475 ड्रोन दागे जा चुके थे, जिनमें से 1,385 को मार गिराया गया, जबकि 90 ने जमीन पर असर किया।

यह हमला ऐसे समय में हुआ है जब दुबई एयरपोर्ट पहले से ही क्षेत्रीय तनाव के कारण अस्थिर परिचालन की स्थिति में है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे एयरपोर्ट जाने से पहले अपनी एयरलाइन से उड़ान की पुष्टि अवश्य कर लें।

 

यह भी पढ़ें: लखनऊ-दिल्ली हाईवे पर दर्दनाक हादसा: ट्रैक्टर-ट्रॉली में घुसी कार, नैनीताल के चार युवकों की मौत

यहां से शेयर करें