New Delhi news दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने राजधानी की यातायात व्यवस्था को अधिक सुगम, सुरक्षित और जन-केंद्रित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए प्रोजेक्ट संगम के तहत एक विशेष बैठक का आयोजन किया।
बैठक में विभिन्न इलाकों से आए प्रतिनिधियों ने ट्रैफिक जाम, पार्किं की कमी, सड़क सुरक्षा, अतिक्रमण और वाहनों की अनियंत्रित आवाजाही जैसी समस्याओं पर अपने सुझाव और चिंताएं साझा कीं।
दिल्ली पुलिस के अधिकारियों ने इन मुद्दों को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि सभी वास्तविक समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा और संबंधित विभागों के साथ मिलकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में विशेष रूप से भीड़भाड़ वाले स्थानों पर यातायात को सुचारू बनाने, सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने, ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन पर सख्ती करने, और अवैध पार्किंग व अतिक्रमण पर नियंत्रण जैसे विषयों पर जोर दिया गया।
संयुक्त पुलिस आयुक्त/यातायात संजय त्यागी ने बताया कि इन लक्ष्यों को हासिल करने के लिए सामुदायिक भागीदारी बेहद जरूरी है और जनता के सहयोग के बिना प्रभावी ट्रैफिक प्रबंधन संभव नहीं है।

ेउन्होंने बताया कि दिल्ली में ट्रैफिक व्यवस्था को आधुनिक और सुगम बनाने के लिए प्रोजेक्ट संगम लागू किया जाएगा। इस प्रोजेक्ट के तहत शहर के ट्रैफिक सिस्टम में तकनीकी सुधार किए जाएंगे, जिससे जाम की समस्या को कम करने और यातायात संचालन को अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी।
अधिकारियों के अनुसार, परियोजना के लागू होने के बाद ट्रैफिक मॉनिटरिंग, सिग्नल सिस्टम और रूट मैनेजमेंट को पहले से अधिक स्मार्ट और डिजिटल बनाया जाएगा। इससे यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलने की उम्मीद है।
नुक्कड़ नाटक से ट्रैफिक नियमों का पालन करने का दिया संदेश
कार्यक्रम को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए जागरूकता अभियान के तहत एक नुक्कड़ नाटक का आयोजन भी किया गया, जिसमें सड़क सुरक्षा, ट्रैफिक नियमों के पालन और जिम्मेदार नागरिक बनने के संदेश को सरल और प्रभावशाली तरीके से प्रस्तुत किया गया। इस प्रस्तुति को लोगों ने काफी सराहा और इससे कार्यक्रम में जुड़ाव और भी बढ़ा।


New Delhi news

