New Delhi news बाल सुरक्षा जागरूकता माह-2026 के तहत आउटर नॉर्थ जिला पुलिस ने सोमवार को रोहिणी सेक्टर-16 स्थित शहीद सुखदेव कॉलेज आॅफ बिजनेस स्टडीज में ‘सुरक्षित बालिका, सुरक्षित भविष्य’ विषय पर मेगा बालिका काउंसलिंग सत्र आयोजित किया। कार्यक्रम में 151 स्कूलों की 400 से अधिक छात्राओं, शिक्षकों, पुलिस अधिकारियों, सामाजिक संस्थाओं और विभिन्न संस्थानों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तरी रेंज के संयुक्त पुलिस आयुक्त विजय सिंह रहे।
कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने छात्राओं को व्यक्तिगत सुरक्षा, गुड टच-बैड टच, साइबर अपराधों से बचाव, डिजिटल साक्ष्य, जीरो एफआईआर, कानूनी अधिकार, महिला एवं बाल सुरक्षा तथा आपदा प्रबंधन जैसे विषयों पर जागरूक किया। वहीं परिवर्तन टीम ने आत्मरक्षा का प्रदर्शन कर दैनिक उपयोग की वस्तुओं से स्वयं की सुरक्षा के व्यावहारिक तरीके बताए।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं और शिक्षकों ने विशेषज्ञों से सवाल-जवाब कर सुरक्षा से जुड़े विभिन्न विषयों पर जानकारी प्राप्त की। अंत में विशेषज्ञों को स्मृति-चिह्न, आयोजन टीम को किट तथा विद्यालय प्रतिनिधियों को जागरूकता संबंधी पुस्तिकाएं वितरित की गईं। दिल्ली पुलिस ने बालिकाओं की सुरक्षा के लिए स्कूलों, अभिभावकों और समाज के साथ मिलकर लगातार ऐसे अभियान चलाने की प्रतिबद्धता दोहराई।



New Delhi news

