New Delhi news दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने अंतरराज्यीय ड्रग तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए करीब दो करोड़ रुपये की नशीली दवाओं की खेप के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस उपायुक्त (एएनटीएफ/क्राइम ब्रांच) संजीव कुमार यादव ने बताया कि पुलिस पूछताछ में आरोपियों की पहचान पहचान मोती नगर निवासी सार्थक त्यागी व सप्लायर अशोक विहार निवासी कुलप्रीत सिंह उर्फ सनी (29) के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से 1016 ग्राम गांजा, 1112 ग्राम चरस, 17 ग्राम एमडीएमए, 1 ग्राम एक्स्टेसी टैबलेट और 4 ग्राम शरूम्स बरामद किया है।
पुलिस उपायुक्त ने शनिवार को बताया कि दिल्ली पुलिस के चल रहे एंटी-ड्रग अभियान के तहत एएनटीएफ लगातार ड्रग तस्करों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। इस बीच रात करीब 10 बजे टीम को गुप्त सूचना मिली कि मोती नगर इलाके में रहने वाला एक व्यक्ति बड़ी मात्रा में नशीले पदार्थों की तस्करी में शामिल है। सूचना की पुष्टि के बाद एक टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने मोती नगर स्थित आरोपित के घर पर छापा मारा और पहली मंजिल पर बने कमरे से सार्थक त्यागी को पकड़ लिया।
पुलिस के मुताबिक इन आरोपियों के पास से पकड़े गए नशे की खेप की अंतरराष्ट्रीय अवैध बाजार में कीमत करीब एक करोड़ रुपये आंकी गई है।
अंतरराज्यीय नेटवर्क दिल्ली अलग-अलग हिस्सों में सप्लाई करता था नशे की खेप
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वह अंतरराज्यीय नेटवर्क के जरिए अलग-अलग प्रकार के नशीले पदार्थ मंगाकर दिल्ली में सप्लाई करता था। जांच के दौरान पुलिस को उसके एक सप्लायर के बारे में जानकारी मिली। जिसकी पहचान कुलप्रीत सिंह उर्फ सनी के रूप में हुई। इसके बाद एसआई रोहित के नेतृत्व में क्राइम ब्रांच की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुलप्रीत सिंह उर्फ सनी को भी दबोच लिया। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उन्हें पकड़ने की कोशिश कर रही है।
मुख्य आरोपी सार्थक त्यागी पेशे से हैं एक प्रॉपर्टी डीलर
पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपित सार्थक त्यागी पेशे से प्रॉपर्टी डीलर है और उसके खिलाफ पहले भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। वर्ष 2018 में मोती नगर थाने में हत्या के प्रयास (धारा 307) और वर्ष 2015 में गैर इरादतन हत्या के प्रयास (धारा 308) का मामला दर्ज हो चुका है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि सह- आरोपी कुलप्रीत सिंह उर्फ सनी हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में भी कथित रूप से शामिल रहा है।
New Delhi news

