दिल्ली क्राइम ब्रांच ने टिल्लू ताजपुरिया गैंग के गुर्गे समेत दो बदमाश पकड़े

New Delhi newsदिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच (एनआर-2) ने संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात गैंगस्टर टिल्लू उर्फ ताजपुरिया के एक सक्रिय सहयोगी समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों पर अलीपुर थाना क्षेत्र में विवादित जमीन पर कब्जा करने के प्रयास के दौरान अंधाधुंध फायरिंग और हत्या के प्रयास के मामले में शामिल होने का आरोप है। पुलिस ने उनके कब्जे से एक सेमी-आॅटोमैटिक पिस्टल, आठ जिंदा कारतूस और वारदात में इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो-एन एसयूवी बरामद की है।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों की पहचान हरियाणा के सोनीपत निवासी संदीप उर्फ दागू महाराज और दीपक के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार संदीप कुख्यात टिल्लू उर्फ ताजपुरिया गैंग का सक्रिय सदस्य है।
क्राइम ब्रांच के अनुसार, 30 अक्टूबर 2025 को अलीपुर थाना क्षेत्र के रामजानपुर गांव स्थित एक विवादित प्लॉट पर 30 से 45 हथियारबंद लोगों ने कथित रूप से अवैध कब्जे की कोशिश की थी। इस दौरान करीब 12 राउंड गोलियां चलाई गईं, प्लॉट का ताला तोड़ने का प्रयास किया गया और वहां मौजूद लोगों के साथ मारपीट की गई। घटना के बाद अलीपुर थाने में हत्या के प्रयास, बलवा, शस्त्र अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था।
पुलिस जांच में क्राइम ब्रांच को सूचना मिली कि संदीप अपने एक साथी के साथ काले रंग की स्कॉर्पियो-एन में नरेला क्षेत्र आने वाला है। इसके बाद पुलिस ने जाल बिछाकर दोनों को दबोच लिया। तलाशी में संदीप के पास से चार कारतूस से लोड एक सेमी-आॅटोमैटिक पिस्टल और दीपक के पास से चार जिंदा कारतूस बरामद हुए। वारदात में इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो-एन भी जब्त कर ली गई।
पूछताछ में संदीप ने खुलासा किया कि वह 2022 में जेल से रिहा होने के बाद टिल्लू ताजपुरिया गैंग के संपर्क में आया था। उसने बताया कि फरवरी 2023 में उसे सिंघु बॉर्डर के पास एक सहयोगी ने पिस्टल और कारतूस उपलब्ध कराए थे। उसने अलीपुर की घटना में भी अपनी भूमिका स्वीकार की है।
पुलिस के अनुसार संदीप के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, लूट और शस्त्र अधिनियम सहित कई गंभीर मामले दर्ज हैं। वहीं दीपक के खिलाफ भी हत्या, अवैध हथियार रखने और एनडीपीएस अधिनियम के तहत कई मामले दर्ज हैं।

New Delhi news

यहां से शेयर करें