क्राइम ब्रांच ने एक्सपायरी फूड और कॉस्मेटिक्स सामान बेचने वाला दुकान दबोचा

New Delhi news  दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच की मध्य रेंज की टीम ने शुक्रवार को एक्सपायरी खाद्य पदार्थों और कॉस्मेटिक सामान के अवैध कारोबार का भंडाफोड़ करते हुए कापसहेड़ा बॉर्डर के पास स्थित एक दुकान में छापेमारी कर भारी मात्रा में एक्सपायर्ड और खराब उत्पाद पकड़ा है। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को दबोचा है। जिसकी पहचान बिजवासन निवासीअब्दुल मन्नान खान उर्फ मोनू के रूप में हुई है।
क्राइम ब्रांच के पुलिस उपायुक्त संजीव यादव ने बताया कि आठ अप्रैल को क्राइम ब्रांच की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि कापसहेड़ा बॉर्डर के पास एक दुकानदार एक्सपायरी फूड और कॉस्मेटिक उत्पादों को सस्ते दामों पर बेच रहा है। सूचना की पुष्टि के लिए पुलिस टीम ने नकली ग्राहक भेजे, जिन्होंने दुकान से सामान खरीदा। जांच में पाया गया कि बेचे जा रहे उत्पाद एक्सपायर्ड थे और उन्हें ग्राहकों को धोखे से बेचा जा रहा था। इसके बाद पुलिस ने दुकान पर छापा मारा और आरोपी को मौके से पकड़ लिया।
पुलिस ने तलाशी ली तो दुकान से बड़ी मात्रा में राजधनी, फॉर्च्यून, गोल्डी, एवरेस्ट, नेस्ले और डेक्सो ग्रो जैसे ब्रांड के मैदा, सूजी, पोहा, रवा, मसाले, पीनट बटर, बेबी फूड सप्लीमेंट्स, दालें, डेयरी उत्पाद और विभिन्न कॉस्मेटिक व पर्सनल केयर प्रोडक्ट्स बरामद हुए।
पुलिस उपायुक्त के अनुसार, जब्त किए गए किराना उत्पादों का वजन करीब 900 किलोग्राम था। इसके अलावा करीब 2000 किलोग्राम डेयरी उत्पाद, जैसे दही और पनीर, को फूड सेफ्टी अधिकारियों की मौजूदगी में नष्ट कर दिया गया। छापेमारी के दौरान मौके पर मौजूद एक ग्राहक ने भी शिकायत की कि उसने एक दिन पहले इसी दुकान से खाद्य सामग्री खरीदी थी, जो सभी एक्सपायर्ड निकली।
पुलिस उपायुक्त के अनुसार कार्रवाई के दौरान फूड सेफ्टी और ड्रग कंट्रोल विभाग के अधिकारियों को भी मौके पर बुलाया गया, जिन्होंने उत्पादों के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे। पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं और फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स एक्ट, 2006 के तहत केस दर्ज किया है।
आरोपी ऐसे करता था अवैध कारोबार
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वह एक्सपायर्ड, खराब या जल्द एक्सपायर होने वाले उत्पादों को बेहद कम कीमत पर खरीदता था। इसके बाद वह इन सामानों को अपनी दुकान में स्टोर कर ग्राहकों को सस्ते दामों पर बेचता था। कम कीमत के लालच में ग्राहक इन उत्पादों को खरीद लेते थे, जिससे आरोपी को भारी मुनाफा होता था। पुलिस के अनुसार, आरोपित ज्यादा पढ़ा-लिखा नहीं है और पहले सब्जी बेचने का काम करता था। वर्ष 2022 में वह कुछ गोदाम कर्मियों के संपर्क में आया, जहां उसे एक्सपायरी सामान के इस अवैध कारोबार की जानकारी मिली।

New Delhi news

यहां से शेयर करें