क्राइम ब्रांच ने नकली टूथपेस्ट फैक्ट्री का भंडाफोड़ कर मुख्य आरोपी पकड़ा

New Delhi news  दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने कंझावला इलाके में चल रही एक फर्जी सेंसोडाइन टूथपेस्ट बनाने की फैक्ट्री का भंडाफोड़ करते हुए शुक्रवार को एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से भारी मात्रा में नकली टूथपेस्ट, कच्चा माल और मशीनरी बरामद किया है।
क्राइम ब्रांच के पुलिस उपायुक्त पंकज कुमार ने शुक्रवार को बताया कि दो अप्रैल को सूचना मिली थी कि महावीर विहार, कंझवाला स्थित एक गोदाम में नामी ब्रांड सेंसोडाइन के नाम पर नकली टूथपेस्ट तैयार कर बाजार में बेचा जा रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद इंस्पेक्टर आशीष शर्मा के नेतृत्व में टीम ने छापेमारी की। छापे के दौरान गोदाम में छह मजदूर नकली पेस्ट को ट्यूब में भरकर पैकिंग करते मिले।
पूछताछ में उन्होंने बताया कि यह गोदाम रोहिणी सेक्टर-2 निवासी हरिओम मिश्रा का है। पुलिस ने आरोपित को मौके पर बुलाकर गिरफ्तार कर लिया। जांच में सामने आया कि आरोपित सस्ते और घटिया गुणवत्ता के पेस्ट को खाली ट्यूब में भरकर उस पर सेंसोडाइन ब्रांड की पैकेजिंग कर बाजार में असली बताकर बेच रहा था। मौके से करीब 1800 भरे हुए नकली ट्यूब, 10 हजार से अधिक खाली ट्यूब, 130 किलो नकली पेस्ट, पैकिंग सामग्री, कैप, कार्टन और ट्यूब फिलिंग मशीन बरामद की गई।
पुलिस उपायुक्त ने बताया कि यह पूरा काम बेहद अस्वच्छ परिस्थितियों में किया जा रहा था, जिससे उपभोक्ताओं की सेहत को गंभीर खतरा हो सकता था। आरोपी के पास इसका कोई वैध लाइसेंस या दस्तावेज नहीं मिला। पुलिस ने इस मामले में विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों व सप्लाई चेन की जांच की जा रही है।
वहीं आरोपी हरि ओम मिश्रा ने बताया कि उसने गोदाम किराए पर लिया था और वह संबंधित अधिकारियों या ब्रांड मालिक से बिना किसी वैध लाइसेंस या अनुमति के खाली सेंसोडाइन ट्यूबों में स्थानीय रूप से तैयार पेस्ट भरकर उन्हें बाजार में बेचने के लिए पैक करने के काम में शामिल था।

New Delhi news

यहां से शेयर करें