Ghaziabad news जनपद गाजियाबाद के परिषदीय विद्यालयों के छात्रों को देश की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और पर्यावरणीय विरासत से अवगत कराने के उद्देश्य से गुरुवार को शैक्षिक भ्रमण हेतु दिल्ली के लिए रवाना किया गया। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ओम प्रकाश यादव ने बीएसए कार्यालय परिसर से बस को हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया।
शैक्षिक भ्रमण का सफल संयोजन जिला समन्वयक (सामुदायिक सहभागिता) अनुभव गुप्ता द्वारा किया गया। जिले के सभी विकासखंडों से चयनित छात्रों में भ्रमण को लेकर विशेष उत्साह एवं जिज्ञासा देखी गई।
विद्यार्थियों को दिल्ली के प्रमुख स्थलों का अवलोकन कराया जाएगा, जिनमें इंडिया गेट पर अमर जवान ज्योति के माध्यम से शहीद सैनिकों के बलिदान की जानकारी, वेस्ट टू वंडर पार्क में कबाड़ से निर्मित विश्व के सात आश्चर्यों की प्रतिकृतियों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण एवं पुनर्चक्रण का संदेश, राजीव गांधी स्मृति वन में हरित पर्यावरण और जैव विविधता का अध्ययन तथा लाल किला में मुगलकालीन स्थापत्य कला और स्वतंत्रता संग्राम के ऐतिहासिक प्रसंग शामिल हैं।
बीएसए ओम प्रकाश यादव ने कहा कि पुस्तकीय ज्ञान के साथ-साथ ऐतिहासिक स्थलों का प्रत्यक्ष अनुभव विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में अत्यंत सहायक होता है। ऐसे भ्रमण छात्रों में राष्ट्रीय गौरव, सांस्कृतिक चेतना और सामाजिक जागरूकता को सुदृढ़ करते हैं।
जिला व्यायाम शिक्षक राजकुमार ने छात्रों को सुरक्षा, अनुशासन और टीम भावना बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अनुभव से प्राप्त ज्ञान जीवन भर साथ रहता है और व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। कार्यक्रम में एसआरजी पूनम शर्मा, प्रधानाध्यापक राजपाल सहित अन्य शिक्षकगण उपस्थित रहे और विद्यार्थियों को सुरक्षित, अनुशासित एवं ज्ञानवर्धक यात्रा की शुभकामनाएं दी।
Ghaziabad news

