Ghaziabad news गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (गाजियाबाद विकास प्राधिकरण) के उपाध्यक्ष नन्द किशोर कलाल ने राजनगर एक्सटेंशन क्षेत्र में जोनल प्लान के तहत निमार्णाधीन प्रमुख मार्गों का स्थलीय निरीक्षण किया और अधिकारियों को कार्य की गति बढ़ाने के कड़े निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान 24 मीटर चौड़ी सी-6 जोनल रोड (लगभग 320 मीटर) का अवलोकन किया गया, जिसमें 50 प्रतिशत कार्य पूरा पाया गया। उपाध्यक्ष ने साइड वर्ज, सेंट्रल वर्ज, उद्यानिकी और विद्युतीकरण सुनिश्चित करने के साथ मार्च 2026 तक कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया।
18 मीटर चौड़ी डी-2 रोड पर केवल 30 प्रतिशत कार्य पूरा होने पर संबंधित संस्था को चेतावनी दी गई। 45 मीटर चौड़ी ए-6 रोड पर भूमि विवाद के कारण कार्य धीमा होने की स्थिति में जून 2026 तक पूरा करने का आश्वासन लिया गया। 30 मीटर चौड़ी बी-2 रोड में आंशिक कार्य पूरा पाया गया, जबकि न्यायालयीन प्रकरण के कारण शेष कार्य प्रभावित है। उपाध्यक्ष श्री कलाल ने आउटर रिंग रोड जोड़ मार्ग (ए-2) समेत सभी मार्गों के लिए एकीकृत प्राक्कलन तैयार कर, नाला-नाली, सर्विस रोड, उद्यानिकी और विद्युतीकरण सहित उच्च गुणवत्ता के साथ समयबद्ध कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के बाद उन्होंने सभी अधिकारियों को दैनिक पर्यवेक्षण और प्रत्येक पखवाड़े प्रगति आख्या फोटोग्राफ सहित प्रस्तुत करने का आदेश दिया। संतोषजनक प्रगति न होने पर आगामी निरीक्षण में संबंधित के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की चेतावनी भी दी।

