ग्रेटर नोएडा। यमुना विकास प्राधिकरण क्षेत्र यीडा के सेक्टर-28, जेवर में प्रस्तावित इंडिया चिप प्रा.लि. (सेमीकंडक्टर पार्क) के शिलान्यास कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। कल यानी शनिवार को सीएम योगी जिले में रहने वाले है। पीएम मोदी इस उद्घाटन में वीसी के जरिये जुड़ेंगे।
तैयारी लगभग पूरी
आगामी वीवीआईपी मूवमेंट के दृष्टिगत जिलाधिकारी मेघा रूपम ने विधायक जेवर धीरेंद्र सिंह एवं यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी राकेश कुमार सिंह के साथ कार्यक्रम स्थल एवं प्रस्तावित हैलीपेड का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मंच व्यवस्था, अतिथि एवं मीडिया दीर्घा, सुरक्षा प्रबंध, पार्किंग, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, साफ-सफाई एवं यातायात प्रबंधन की विस्तृत समीक्षा की। वहीं हैलीपेड स्थल पर सुरक्षा मानकों, बैरिकेडिंग, फायर ब्रिगेड, एम्बुलेंस तथा वैकल्पिक मार्गों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी व्यवस्थाएं समयसीमा के भीतर पूर्ण की जाएं। उन्होंने विशेष रूप से सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखने, यातायात संचालन सुचारू बनाए रखने तथा आगंतुकों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया। इस अवसर पर डीसीपी साद मियां खान, डॉ. प्रवीण रंजन सिंह, अपर जिलाधिकारी प्रशासन मंगलेश दुबे, उप जिलाधिकारी जेवर दुर्गेश सिंह, जिला अभिहित अधिकारी सर्वेश मिश्रा, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण कंचन, एसीपी जेवर सार्थक सेंगर सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

