यमुना सिटी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को यमुना सिटी के औद्योगिक सेक्टर-28 में जनसभा को संबोधित करने के बाद रबूपुरा का दौरा करेंगे। जनसभा स्थल से करीब 6 किलोमीटर दूर रबूपुरा में जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह के निवास पर वे शाम छह बजे पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री के इस प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर पूरे मार्ग पर शुक्रवार को युद्धस्तर पर तैयारियां की गईं।
विधायक निवास पर होगी क्षेत्रीय नेताओं से मुलाकात
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह के आवास पर क्षेत्रीय नेताओं से मुलाकात करेंगे। इस दौरान विधायक उन्हें क्षेत्र के विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी देंगे। जनसभा स्थल से मुख्यमंत्री का काफिला सड़क मार्ग से रबूपुरा तक पहुंचेगा।
सेक्टर-28 से रबूपुरा तक सड़कें हुईं दुरुस्त
सीएम के दौरे को देखते हुए सेक्टर-28 से लेकर रबूपुरा तक पूरे मार्ग की सड़कों को दुरुस्त किया गया है। चौक-चौराहों को विशेष रूप से चमकाया गया है ताकि मुख्यमंत्री के काफिले के गुजरने के दौरान कोई भी कमी न दिखे। रबूपुरा बाजार में नई स्ट्रीट लाइटें लगाई गई हैं, जिससे पूरे बाजार क्षेत्र में रोशनी की बेहतर व्यवस्था हो गई है। साथ ही ग्रीन बेल्ट को भी दुरुस्त करते हुए रंग-रोगन का काम पूरा किया गया है।
हरे कपड़े से ढके गए सड़क के दोनों किनारे
सुरक्षा और व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए पूरे मार्ग पर सड़क के दोनों ओर बल्लियां लगाकर हरे कपड़े से किनारों को ढका गया है। इसका उद्देश्य यह है कि जब मुख्यमंत्री का काफिला इस मार्ग से गुजरे तो किसी भी प्रकार की चूक न हो और काफिला सुरक्षित रूप से गंतव्य तक पहुंचे।
पूरे मार्ग पर पुलिस बल की तैनाती
पुलिस प्रशासन की देखरेख में शुक्रवार को पूरे दिन व्यवस्थाएं दुरुस्त करने का कार्य चलता रहा। मुख्यमंत्री के काफिले के रूट पर जगह-जगह पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई है ताकि कोई भी अराजक तत्व इस मार्ग पर न पहुंच सके और कानून-व्यवस्था पूरी तरह से दुरुस्त रहे। सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और पूरे रूट को संवेदनशील मानते हुए निगरानी रखी जा रही है।

