नोएडा | नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (CEO) कृष्णा करुणेश ने आज शहर की व्यवस्थाओं को चुस्त-दुरुस्त करने के इरादे से विभिन्न क्षेत्रों का तूफानी दौरा किया। निरीक्षण के दौरान सफाई व्यवस्था में भारी खामियां और विकास कार्यों में शिथिलता पाए जाने पर CEO ने कड़ा रुख अपनाते हुए मौके पर ही निलंबन, वेतन रोकने और भारी जुर्माने की कार्रवाई के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान प्राधिकरण के महाप्रबन्धक (सिविल) सहित विभिन्न वर्क सर्किलों के वरिष्ठ प्रबन्धक और संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
लापरवाही पर गिरी गाज: सेवा समाप्ति और ब्लैकलिस्टिंग
शहर की सुंदरता और स्वच्छता से समझौता करने वालों के खिलाफ CEO ने “जीरो टॉलरेंस” की नीति अपनाई:
- सेक्टर-8 और सेक्टर-57/60: यहाँ मलबे के ढेर मिलने पर संबंधित सफाई कर्मियों और सुपरवाइजरों की सेवा तत्काल समाप्त करने के निर्देश दिए गए। साथ ही, जिम्मेदारी तय करते हुए अवर अभियंता (JE) का वेतन रोकने का आदेश दिया गया।
- सेक्टर-63: नाले में भारी मात्रा में कूड़ा मिलने पर कड़ा संज्ञान लिया गया। यहाँ के सफाईकर्मी और सुपरवाइजर को हटा दिया गया है, प्रबंधक को कड़ी चेतावनी दी गई है और संबंधित ठेकेदार (संविदाकार) को ब्लैकलिस्ट करने हेतु नोटिस जारी किया गया है।
- पेनल्टी: डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन में लापरवाही बरतने वाली एजेंसी पर ₹5 लाख का जुर्माना लगाया गया है।
शहर के बुनियादी ढांचे और सौंदर्यीकरण पर जोर
निरीक्षण के दौरान बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए:
- वेन्डिंग जोन: बड़े नालों को कवर करके उनके ऊपर व्यवस्थित ‘वेन्डिंग जोन’ विकसित करने की संभावनाओं पर काम शुरू करने के निर्देश दिए गए।
- कनेक्टिविटी व फुटपाथ: सेक्टर-11 मार्केट के पास नाले पर प्रीकास्ट स्लैब लगाकर पाथवे जोड़ने, सेक्टर-55 और रेडिसन ब्लू के पास सड़क कनेक्टिविटी सुधारने और फोर्टिस अस्पताल (सेक्टर-62) के पास सड़क के सौंदर्यीकरण का आदेश दिया गया।
- एक्सप्रेस-वे: नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस-वे की क्षतिग्रस्त सर्विस रोड को तत्काल ठीक करने को कहा गया है।
अतिक्रमण और जनसुविधाओं पर कार्रवाई
- अवैध कब्जा: ग्राम बरौला और ग्रीन बेल्ट क्षेत्रों में किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाने के लिए अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।
- बारातघर व गौशाला: शहर के सभी बारातघरों का सर्वे कर उनके नवीनीकरण की योजना बनाई जाएगी। साथ ही खोड़ा और सेक्टर-62 क्षेत्र से निराश्रित गायों को गौशाला में शिफ्ट करने को कहा गया है।
- यातायात सुगमता: शहर के सभी ‘लेफ्ट टर्न’ को बाधामुक्त और सुगम बनाने के साथ-साथ बस स्टॉप की नियमित सफाई और मरम्मत सुनिश्चित की जाएगी।
अधिकारियों को सख्त समय-सीमा
मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने स्पष्ट किया कि सभी वर्क सर्किलों को प्रतिदिन सुबह 10 बजे तक कूड़ा उठाने की प्रक्रिया अनिवार्य रूप से पूरी करनी होगी। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी दी कि यदि भविष्य में निरीक्षण के दौरान गंदगी या रखरखाव में कमी मिली, तो संबंधित वरिष्ठ अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।

