पिछले कुछ दिनों में स्टार्मर के चीफ ऑफ स्टाफ मॉर्गन मैकस्वीनी और कम्युनिकेशंस डायरेक्टर टिम एलन ने इस्तीफा दे दिया। स्कॉटिश लेबर पार्टी के नेता अनस सरवर ने खुले तौर पर स्टार्मर से इस्तीफा मांगा है। स्टार्मर ने हालांकि इस्तीफा देने से इनकार कर दिया और कहा कि वे “संभालेंगे”। उनके सहयोगी उनका समर्थन कर रहे हैं, लेकिन पार्टी के अंदर असंतोष बढ़ता जा रहा है। इस संकट के बीच उत्तराधिकारी के रूप में होम सेक्रेटरी शबाना महमूद का नाम सबसे आगे आ रहा है। अगर वे प्रधानमंत्री बनती हैं, तो ब्रिटेन की पहली मुस्लिम और पाकिस्तानी मूल की प्रधानमंत्री होंगी।
शबाना महमूद कौन हैं?
शबाना महमूद बर्मिंघम लेडीवुड से सांसद हैं और 2010 से संसद में हैं। वे लेबर पार्टी की पहली मुस्लिम महिला सांसदों में से एक थीं। बैरिस्टर रही हैं और पार्टी में तेजी से ऊपर उठ रही है।
2025 में होम सेक्रेटरी बनीं, जहां वे पुलिसिंग, राष्ट्रीय सुरक्षा, इमीग्रेशन और पब्लिक ऑर्डर की जिम्मेदारी संभाल रही हैं। पाकिस्तानी प्रवासी माता-पिता की बेटी शबाना ने अपनी ब्रिटिश-मुस्लिम पहचान और शिक्षा पर जोर दिया है।
हाल के दिनों में उन्होंने इमीग्रेशन पर सख्त रुख अपनाया है। पिछले हफ्ते उन्होंने कहा कि ब्रिटेन में स्थायी बसाव “अधिकार नहीं, विशेषाधिकार” है और देश को “सबसे योग्य और सर्वश्रेष्ठ” लोग ही आकर्षित करने चाहिए।
संकट की ताजा स्थिति
अमेरिकी न्याय विभाग द्वारा जारी नई एपस्टीन फाइल्स ने मैंडेलसन के पुराने संबंधों को फिर से सुर्खियों में ला दिया। स्टार्मर पर आरोप है कि उन्होंने इन संबंधों की अनदेखी की।
पार्टी के अंदर कई सांसदों ने चेतावनी दी है कि अगर स्टार्मर नहीं संभले, तो उनका पद जाना तय है। अन्य संभावित उत्तराधिकारियों में डिप्टी पीएम एंजेला रेनर का नाम भी है, लेकिन शबाना महमूद को पार्टी के दक्षिणपंथी धड़े का मजबूत समर्थन मिल रहा है। यह संकट लेबर पार्टी की 2024 की बड़ी जीत के बाद सबसे बड़ा झटका है। आने वाले दिन स्टार्मर के राजनीतिक भविष्य का फैसला करेंगे।

