ब्राह्मण समाज महासंघ की बड़ी बैठक: UGC, ST/SC और आरक्षण के मुद्दे पर आंदोलन की चेतावनी

ब्राह्मण समाज महासंघ की बड़ी बैठक: यूजीसी, एसटी/एससी एवं आरक्षण से जुड़े मुद्दों को लेकर समाज में बढ़ते असंतोष के बीच रविवार को ब्राह्मण समाज महासंघ द्वारा सेक्टर-82 स्थित काकराला, नोएडा में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष गिरीश मिश्रा ने की, जिसमें बड़ी संख्या में समाज के पदाधिकारी और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

क्या है पूरा विवाद?

विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) ने परिसरों में जाति-आधारित भेदभाव से निपटने के लिए “उच्च शिक्षा संस्थानों में समता के संवर्धन से संबंधित विनियम 2026” अधिसूचित किया था। इस कानून के प्रावधानों को लेकर देशभर में दो विपरीत धड़े सामने आए। उच्च शिक्षण संस्थानों में जातिगत भेदभाव को रोकने के लिए लाए गए UGC विनियम 2026 पर सुप्रीम कोर्ट ने रोक लगा दी, यह फैसला उन याचिकाओं पर सुनवाई के बाद दिया गया जिनमें इन नियमों को गैर-समावेशी, मनमाना और संविधान के मूल अधिकारों का उल्लंघन बताया गया था। सुप्रीम कोर्ट ने स्पष्ट किया कि जब तक इस मामले की संवैधानिक जांच पूरी नहीं हो जाती, तब तक शिक्षण संस्थानों में 2012 के पुराने दिशा-निर्देश ही लागू रहेंगे।

बैठक में क्या हुआ?

बैठक के दौरान UGC, ST/SC, UCC तथा आरक्षण से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने इन मुद्दों पर समाज में व्याप्त आक्रोश को गंभीर बताते हुए कहा कि यह केवल एक वर्ग का नहीं, बल्कि व्यापक स्तर पर असंतोष का विषय बन चुका है। चर्चा के उपरांत सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि ब्राह्मण समाज महासंघ को और अधिक सशक्त एवं संगठित किया जाएगा। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया कि UGC, ST/SC एवं आरक्षण से जुड़े मुद्दों पर विरोध लगातार जारी रहेगा और आवश्यकता पड़ने पर धरना-प्रदर्शन जैसे आंदोलनात्मक कदम भी उठाए जाएंगे।

राजनीतिक हलचल भी तेज

इस विवाद में राजनीतिक दल भी दो खेमों में बंटे नजर आए। बीजेपी नेताओं ने सुप्रीम कोर्ट के स्टे को अपनी जीत बताया, जबकि विपक्ष इस पर एकजुट नहीं दिखा।

बैठक में उपस्थित प्रमुख पदाधिकारी

बैठक में महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष गिरीश मिश्रा, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के.के. मिश्रा, सेक्टर-82 अध्यक्ष विनोद पाण्डेय सहित अनिल शुक्ला, विशेष पाण्डेय, अंबिका प्रसाद पाण्डेय, अखिलेश मिश्रा, अरुण कुमार द्विवेदी, सुमंत कुमार तिवारी, मनोज कुमार शुक्ला, राहुल पाण्डेय, मनोज पाण्डेय, मणि राम पाण्डेय, भगवान दास शर्मा, मोनू पाण्डेय एवं श्रीमती अलका शर्मा आदि की गरिमामय उपस्थिति रही। यह खबर UGC विनियम 2026 विवाद की व्यापक पृष्ठभूमि में ब्राह्मण समाज महासंघ की स्थानीय बैठक पर आधारित है।

यह भी पढ़ें: उन्नाव में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा: स्लीपर बस डिवाइडर से टकराकर पलटी, महिला की मौत, 22 से अधिक घायल

यहां से शेयर करें