Brahma Kumaris’ Raja Yoga Meditation: आत्मिक शांति, सकारात्मक सोच और श्रेष्ठ संस्कारों के विकास के लिए ब्रह्माकुमारीज़ द्वारा आयोजित विशेष कार्यक्रम “शांतिपूर्ण और सुखी जीवन के लिए ध्यान” रविवार, 8 फरवरी को सेक्टर-56 स्थित लक्ष्मी नारायण मंदिर में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, युवा, गृहस्थ महिलाएं, वरिष्ठ नागरिक और विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोग शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत में सभी उपस्थितजन ने राजयोग ध्यान का अभ्यास किया, जिसमें participants ने गहरी शांति और सकारात्मक ऊर्जा का अनुभव किया। मुख्य वक्ता के रूप में माउंट आबू से पधारे वरिष्ठ राजयोग प्रशिक्षक बीके ओंकार ने ध्यान की गहराई को सरल भाषा में समझाया।
बीके ओंकार ने कहा, “आज हर व्यक्ति के पास सुख के सारे साधन हैं, फिर भी मन अशांत रहता है। इसका कारण आत्मिक शक्ति का कमजोर होना है। जब हम देह-अभिमान से ऊपर उठकर खुद को आत्मा समझते हैं, तभी सच्ची शांति और स्थायी सुख की अनुभूति होती है। आत्मा ही परमात्मा से जुड़ सकती है और उसकी शक्तियां ग्रहण कर सकती है।”
उन्होंने मीठे बोल की महत्वता पर जोर देते हुए कहा कि बच्चा दो साल में ‘क्या बोलना है’ सीख जाता है, लेकिन ‘क्या नहीं बोलना है’ सीखने में पूरा जीवन लग जाता है। साथ ही, शारीरिक व्रत के अलावा तामसिक बातों से भी व्रत लेने की सलाह दी। चुनौतियों को अवसर में बदलने के लिए राजयोग के अभ्यास की शक्ति पर प्रकाश डाला गया। बीके ओंकार ने सभी के लिए एक निर्देशित ध्यान सेशन भी कराया, जिसमें शांत वातावरण में आत्मा को परमात्मा की शक्तियों से जोड़ने का अभ्यास किया गया। participants ने मानसिक विश्रांति और नई ऊर्जा की अनुभूति व्यक्त की।
कार्यक्रम के अंत में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां जैसे गायन और नृत्य ने सभी का मन मोह लिया। समापन सात्विक और शुद्ध भोजन के साथ हुआ। यह आयोजन ब्रह्माकुमारीज़ सेंटर, सेक्टर-56, नोएडा द्वारा किया गया।
ब्रह्माकुमारीज़ नियमित रूप से ऐसे ध्यान और आध्यात्मिक कार्यक्रम आयोजित करते रहते हैं, जो लोगों को तनावमुक्त और सकारात्मक जीवन जीने की प्रेरणा देते हैं। इस तरह के आयोजनों से समाज में शांति और सद्भावना का संदेश फैल रहा है।

