LPG Cylinder: नई दिल्ली। आम लोगों, खासकर प्रवासी श्रमिकों, छात्रों और दिहाड़ी मजदूरों के लिए केंद्र सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। अब बिना स्थायी पते के भी लोग सिर्फ वैध पहचान पत्र दिखाकर 5 किलोग्राम का फ्री ट्रेड एलपीजी (एफटीएल) सिलिंडर किसी भी अधिकृत गैस एजेंसी से खरीद सकेंगे।
LPG Cylinder:
अब तक स्थायी पते के अभाव में बड़ी संख्या में लोग एलपीजी कनेक्शन नहीं ले पाते थे, जिससे उन्हें खाना बनाने में काफी परेशानी होती थी। सरकार के इस कदम से ऐसे लोगों को सीधी राहत मिलेगी।
ऑनलाइन बुकिंग में जबरदस्त बढ़ोतरी
पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय के अनुसार, देशभर में एलपीजी की ऑनलाइन बुकिंग में करीब 95 प्रतिशत तक बढ़ोतरी दर्ज की गई है। 4 अप्रैल को 51 लाख से अधिक घरेलू सिलिंडरों की डिलीवरी की गई। साथ ही कालाबाजारी रोकने के लिए डिलीवरी ऑथेंटिकेशन कोड (DAC) प्रणाली को और मजबूत किया गया है, जिसकी कवरेज 53 प्रतिशत से बढ़कर अब 90 प्रतिशत तक पहुंच गई है।
5 किलो सिलिंडर की बढ़ी मांग
सरकार के फैसले के बाद 5 किलो वाले सिलिंडरों की मांग तेजी से बढ़ी है। एक दिन में ही इनकी बिक्री 90 हजार के पार पहुंच गई, जबकि 23 मार्च से अब तक देशभर में करीब 6.60 लाख छोटे सिलिंडर बेचे जा चुके हैं।
पीएनजी कनेक्शन का भी विस्तार
सरकार पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) कनेक्शन का भी तेजी से विस्तार कर रही है। मार्च महीने में ही 3.60 लाख नए कनेक्शन जोड़े गए हैं, ताकि लोगों को वैकल्पिक ईंधन की सुविधा मिल सके।
कालाबाजारी पर सख्ती
एलपीजी सिलिंडरों की जमाखोरी और कालाबाजारी के खिलाफ सरकार ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। अब तक 50 हजार से ज्यादा सिलिंडर जब्त किए जा चुके हैं। इसके अलावा 1,400 से अधिक वितरकों को नोटिस जारी किए गए हैं, जिनमें से 36 की डीलरशिप निलंबित कर दी गई है।
उपभोक्ताओं के लिए सलाह
सरकार ने लोगों से अपील की है कि वे ऑनलाइन बुकिंग का अधिक से अधिक उपयोग करें, ऊर्जा की बचत करें और अफवाहों से बचें। सरकार ने भरोसा दिलाया है कि देश में एलपीजी और पीएनजी की पर्याप्त उपलब्धता है और रिफाइनरियां पूरी क्षमता से काम कर रही हैं।
LPG Cylinder:

