New Delhi news दक्षिण-पश्चिम जिला अंतर्गत दिल्ली कैंट थाना क्षेत्र की पुलिस चौकी सब्रोतो पार्क की टीम ने आॅटो रिक्शा से लूट की वारदात का सफल खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन तथा वारदात में प्रयुक्त आॅटो रिक्शा भी बरामद कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, 30 जनवरी 2026 को दिल्ली कैंट थाना में पीसीआर कॉल के माध्यम से सूचना मिली कि धौला कुआं, पिलर नंबर-26 के पास आॅटो चालक और उसके साथियों ने दो युवकों से मोबाइल फोन व नकदी लूट ली है। सूचना के आधार पर थाना दिल्ली कैंट में एफआईआर संख्या 85/26 धारा 309(4)/317(2)/3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच में सामने आया कि पीड़ित मयापुरी से कश्मीरी गेट जाने के लिए एक आॅटो रिक्शा में सवार हुए थे, जिसमें पहले से ही तीन युवक बैठे हुए थे। आॅटो चालक ने कश्मीरी गेट जाने की बात कहकर उन्हें बैठा लिया, लेकिन रास्ते में आॅटो को धौला कुआं के पास एक सुनसान स्थान पर ले जाकर आरोपियों ने जबरन मोबाइल फोन और नकदी लूट ली तथा पीड़ितों को वहीं छोड़कर फरार हो गए। घटना की गंभीरता को देखते हुए चौकी प्रभारी सब्रोतो पार्क उपनिरीक्षक जसबीर मलिक के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम गठित की गई, जिसमें उपनिरीक्षक मनीष, हेड कांस्टेबल भास्कर, हेड कांस्टेबल पवन और कांस्टेबल रविंदर शामिल थे। टीम ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों के सीसीटीवी कैमरों की बारीकी से जांच की। फुटेज के विश्लेषण से वारदात में प्रयुक्त आॅटो रिक्शा का पंजीकरण नंबर चिन्हित किया गया। आगे की जांच में आॅटो के मालिक से पूछताछ की गई, जिसने बताया कि आॅटो को सोनू कुमार उर्फ मखना निवासी ईस्ट सागरपुर प्रतिदिन चलाता था। तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय सूचना के आधार पर पुलिस ने सोनू कुमार को उसके घर से गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने अपने साथियों तिलकधारी और दीपक भड़ोया उर्फ दीपु की संलिप्तता स्वीकार की, जिन्हें बाद में गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी तिलकधारी की निशानदेही पर लूटा गया मोबाइल फोन बरामद किया गया। आरोपियों ने बताया कि लूटी गई नकदी खर्च की जा चुकी है।
पुलिस कर रही जांच पड़ताल
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी सोनू कुमार उर्फ मखना के खिलाफ पहले से आठ आपराधिक मामले दर्ज हैं। तिलकधारी पर हरियाणा के नारनौल थाने में मोबाइल चोरी का एक मामला दर्ज है, जबकि दीपक भड़ोया उर्फ दीपु के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की जा रही है।
आॅटो से लूट की वारदात का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार

