ग्रेटर नोएडा। थाना इकोटेक-3 क्षेत्र के ग्राम तुस्याना में गुरुवार को एक दर्दनाक हत्याकांड सामने आया, जब कुआं पूजन के भोजन कार्यक्रम के दौरान हुई मामूली कहासुनी ने एक युवक की जान ले ली। घटना 26 फरवरी 2026 की है। ग्राम तुस्याना निवासी फिरी राम के यहां कुआं पूजन का आयोजन था। इस कार्यक्रम में दूर-पास के लोग भोजन के लिए एकत्र हुए थे। इसी दौरान हरदोई जिले के ग्राम चठिया निवासी मनोज उर्फ लालू पुत्र ओमकार और ग्राम तुस्याना के ही जगवीर भाटी पुत्र रतीराम भाटी के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद के दौरान मनोज ने जगवीर को अपशब्द कहे, जिससे आहत और अपमानित महसूस कर जगवीर अपने घर चला गया।
लेकिन यह मामला यहीं नहीं रुका। कुछ ही देर बाद जगवीर एक धारदार बाका लेकर मनोज को खोजते हुए पुनः गांव की ओर लौटा। गांव में प्रवेश करने वाली सड़क पर, जहां एक बुग्गी गाड़ी खड़ी थी, वहां दोनों की मुठभेड़ हो गई। पहले दोनों के बीच धक्का-मुक्की हुई और फिर जगवीर ने बाके से मनोज के सिर पर जानलेवा वार कर दिया। सिर पर गहरी चोट लगने से मनोज की मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलते ही थाना इकोटेक-3 पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी जगवीर भाटी को हिरासत में ले लिया। घटना में इस्तेमाल किया गया खून से सना बाका भी मौके से बरामद कर लिया गया है। फील्ड यूनिट द्वारा घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया गया। मृतक के शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने बताया कि मृतक के सिर पर चोट के स्पष्ट निशान हैं और शव को किसी वाहन से कुचला नहीं गया है। आरोपी जगवीर भाटी के खिलाफ हत्या का अभियोग पंजीकृत करते हुए समस्त आवश्यक विधिक कार्यवाही की जा रही है।
यह भी पढ़ें: कोर्ट से बड़ी राहत: मनीष सिसोदिया और अरविंद केजरीवाल सभी आरोपों से बरी

