नोएडा: 19 वर्षीय अंशिता ने की खुदकुशी, परिजनों की तहरीर पर आरोपी ग्यासी गिरफ्तार, ब्लैकमेल के सबूत नहीं मिले

नोएडा। थाना फेस-3 क्षेत्र के सेक्टर-66 ममूरा में 19 वर्षीय युवती अंशिता तिवारी द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। घटना 21 फरवरी को हुई थी, जबकि परिजनों द्वारा अंतिम संस्कार के बाद 27 फरवरी को थाने में लिखित तहरीर दिए जाने पर मुकदमा पंजीकृत कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस जांच में अब तक ब्लैकमेल के कोई साक्ष्य नहीं मिले हैं।

21 फरवरी को मिली थी सूचना

21 फरवरी 2026 को थाना फेस-3 पर पीआरवी के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि गली नंबर-01, ममूरा, सेक्टर-66 निवासी विनोद तिवारी की पुत्री अंशिता तिवारी (उम्र 19 वर्ष) ने पंखे से लटककर फांसी लगा ली है। सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम की कार्यवाही कराई गई। इसके बाद शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।

अंतिम संस्कार के बाद परिजन पहुंचे थाने

अंतिम संस्कार संपन्न होने के बाद 27 फरवरी को मृतका के परिजन थाना फेस-3 पर उपस्थित हुए और लिखित तहरीर दी। परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा संख्या 90/2026, धारा 108 बीएनएस के अंतर्गत पंजीकृत किया गया। थाना फेस-3 पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अभियुक्त ग्यासी को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर दिया।

जांच में ब्लैकमेल के साक्ष्य नहीं, वीडियो भी नहीं मिला

थाना फेस-3 पुलिस द्वारा की गई गहन जांच के दौरान अब तक युवती को ब्लैकमेल किए जाने के कोई ठोस साक्ष्य नहीं मिले हैं। इसके अलावा किसी भी प्रकार का आपत्तिजनक वीडियो भी नहीं मिला है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि मुकदमे में नामजद दोनों लड़के और मृतका युवती आपस में पहले से परिचित थे। पुलिस मामले के सभी अन्य बिंदुओं पर गहनता से जांच करते हुए आगे की आवश्यक कार्रवाई कर रही है।

 

यह भी पढ़ें: त्योहारों से पहले गौतमबुद्धनगर पुलिस की पहल: केन्द्रीय शांति समिति की बैठक संपन्न, अफवाह फैलाने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई

यहां से शेयर करें