Alert in Noida for Holi and Ramzan: होली के पावन पर्व (होलिका दहन कल-आज और रंगवाली होली कल) और रमजान महीने को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण तरीके से मनाने के लिए गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट ने पूरी तैयारी कर ली है। पुलिस कमिश्नर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में तीनों जोनों (नोएडा, सेंट्रल नोएडा और ग्रेटर नोएडा) में फ्लैग मार्च, फुट मार्च, ड्रोन निगरानी और सघन चेकिंग अभियान जोरों पर है। जिले को 10 जोन और 26 सेक्टर में बांटकर सुरक्षा प्लान लागू किया गया है, जिसमें करीब 3500 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं।
पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने खुद सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने नोएडा सेक्टर-8 स्थित जामा मस्जिद का दौरा कर मौलाना और स्थानीय नागरिकों से बातचीत की तथा शांति बनाए रखने की अपील करते हुए कहा की “आपकी सुरक्षा हमारी जिम्मेदारी है—होली और रमजान दोनों त्योहार प्रेम व सद्भाव से मनाएं।”। अपर पुलिस आयुक्त कानून एवं व्यवस्था डॉ. राजीव नारायण मिश्र के नेतृत्व में सेंट्रल नोएडा जोन के छिजारसी और बहलोलपुर जैसे मिश्रित आबादी वाले इलाकों में पीएसी, क्यूआरटी टीम, डॉग स्क्वॉड, बम निरोधक दस्ता (बीडीडीएस) और ड्रोन टीम के साथ फ्लैग मार्च किया गया।
नोएडा जोन
पुलिस उपायुक्त श्री साद मियां खान के पर्यवेक्षण में सेक्टर-58, 24, 20, 39, 49, 113, 126 और एक्सप्रेस-वे क्षेत्र के प्रमुख बाजारों, धार्मिक स्थलों और संवेदनशील इलाकों में लगातार फुट मार्च हो रहा है। स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों से संवाद कर सुरक्षा का भरोसा दिलाया जा रहा है।
सेंट्रल नोएडा जोन
पुलिस उपायुक्त श्री शक्ति मोहन अवस्थी के नेतृत्व में फेस-3, सेक्टर-63, फेस-2, बिसरख, सूरजपुर, इकोटेक-3 और सेक्टर-142 क्षेत्र में प्रमुख चौराहों और बाजारों पर निगरानी बढ़ाई गई है। आमजन को अफवाहों से बचने और त्योहार शांतिपूर्ण ढंग से मनाने की जागरूकता दी जा रही है।
ग्रेटर नोएडा जोन
पुलिस उपायुक्त डॉ. प्रवीण रंजन सिंह के निर्देशन में जारचा, दादरी, दनकौर, कासना, इकोटेक-1, जेवर, रबूपुरा, बीटा-2 और नॉलेज पार्क थाना क्षेत्रों में धार्मिक स्थलों और भीड़-भाड़ वाले इलाकों के आसपास सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।
पुलिस ने कुल 1080 होलिका दहन स्थलों की पहचान की है, जहां विशेष निगरानी रखी जा रही है। 45 संवेदनशील स्पॉट्स पर अतिरिक्त बल तैनात है। 2 से 6 मार्च तक धारा 163 लागू की गई है। अब तक 165 शांति समिति बैठकें कराई जा चुकी हैं। ड्रोन कैमरों से ऊपर से निगरानी के साथ-साथ सीसीटीवी का भी पूरा उपयोग हो रहा है। पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर ने आमजन से अपील की है कि त्योहार आपसी भाईचारे और कानून का पालन करते हुए मनाएं। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अफवाह की तुरंत सूचना 112 पर दें। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जाएगी और त्योहारों तक फ्लैग मार्च एवं सुरक्षा व्यवस्था निरंतर जारी रहेगी। पुलिस की इस सक्रिय उपस्थिति से नागरिकों में सुरक्षा का भरोसा बढ़ा है।

