नोएडा एयरपोर्ट के बाद अब लिंक एक्सप्रेसवे की तैयारी तेज, यमुना को गंगा एक्सप्रेसवे से जोड़ेगा नया मार्ग

नोएडा/यमुना सिटी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 28 मार्च को नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का उद्घाटन किए जाने के बाद अब इसकी कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने की कवायद तेज हो गई है। यमुना एक्सप्रेसवे को गंगा एक्सप्रेसवे से जोड़ने के लिए यूपीडा लिंक एक्सप्रेसवे की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट यानी डीपीआर तैयार कर रहा है। मई तक डीपीआर को अंतिम रूप देकर स्वीकृति के लिए शासन को भेजा जाएगा, ताकि जल्द से जल्द निर्माण कार्य शुरू हो सके।

मध्य अप्रैल से शुरू होंगी उड़ानें

उल्लेखनीय है कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से मध्य अप्रैल से व्यावसायिक उड़ानें शुरू करने की तैयारी है। उड़ानें शुरू होते ही देश के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में यात्री यहां आने लगेंगे। ऐसे में एयरपोर्ट तक पहुंचने के लिए बेहतर सड़क संपर्क का होना अत्यंत आवश्यक है। इसी को ध्यान में रखते हुए लिंक एक्सप्रेसवे परियोजना को प्राथमिकता दी जा रही है।

मेरठ से प्रयागराज तक फैला है गंगा एक्सप्रेसवे

गंगा एक्सप्रेसवे सरकार की एक और महत्वाकांक्षी परियोजना है, जो मेरठ से सीधे प्रयागराज तक जाती है। यह एक्सप्रेसवे पश्चिमी और मध्य उत्तर प्रदेश के 12 शहरों से होकर गुजरता है और कई जिलों को आपस में जोड़ता है। प्रस्तावित लिंक एक्सप्रेसवे गंगा एक्सप्रेसवे को यमुना एक्सप्रेसवे और ग्रीन फील्ड एक्सप्रेसवे से जोड़ेगा।

पश्चिमी यूपी के यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत

लिंक एक्सप्रेसवे बन जाने के बाद पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मेरठ, हापुड़, बुलंदशहर, अलीगढ़ सहित विभिन्न जिलों से नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट आने वाले यात्रियों को सीधी और सुगम कनेक्टिविटी मिलेगी। इससे न केवल यात्रा का समय घटेगा, बल्कि एयरपोर्ट पर यात्री यातायात भी बढ़ेगा, जो क्षेत्र के आर्थिक विकास के लिए भी लाभकारी होगा।

सैद्धांतिक मंजूरी पहले ही मिल चुकी है

यूपीडा के इस प्रोजेक्ट को सरकार की सैद्धांतिक स्वीकृति पहले ही प्राप्त हो चुकी है। अब डीपीआर तैयार होते ही औपचारिक मंजूरी की प्रक्रिया शुरू होगी और इसके बाद निर्माण कार्य की राह खुल जाएगी। विशेषज्ञों का मानना है कि यह लिंक एक्सप्रेसवे नोएडा एयरपोर्ट को उत्तर प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से जोड़ने वाली एक महत्वपूर्ण कड़ी साबित होगा और पूरे क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों को नई रफ्तार देगा।

 

यह भी पढ़ें: सेक्टर-19 में आयुष्मान कार्ड कैंप का सफल आयोजन, 50 से अधिक वरिष्ठ नागरिकों ने कराया पंजीकरण

यहां से शेयर करें