ट्रैफिक पुलिस ने शालीमार बाग चौक के बाद अंबेडकर रोड पर चलाया जीरो टॉलरेंस अभियान

New Delhi news  ट्रैफिक पुलिस ने उत्तरी दिल्ली में लगातार बढ़ रही ट्रैफिक अव्यवस्था पर लगाम कसते हुए शालीमार बाग चौक के बाद शुक्रवार को अंबेडकर रोड पर भी व्यापक स्तर पर जीरो टॉलरेंस अभियान चलाया गया। लंबे समय से अतिक्रमण और अवैध पार्किंग से जूझ रही सड़क को अभियान के बाद पूरी तरह खाली कर दिया गया, जिससे आम लोगों को जाम से बड़ी राहत मिली है।
अशोक विहार सर्किल ट्रैफिक पुलिस ने शालीमार बाग गांव क्षेत्र में शुरू किए गए इस विशेष अभियान के तहत ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन पर किसी भी तरह की ढील नहीं दी। भारी संख्या में ट्रैफिक कर्मियों की तैनाती की गई और गलत पार्किंग, लेन तोड़ने व अन्य उल्लंघनों पर सख्त कार्रवाई की गई। भारी व्यावसायिक वाहनों और बसों को केला गोदाम चौक व हैदरपुर रोड से डायवर्ट कर मैक्स हॉस्पिटल रोड की ओर भेजा गया, ताकि मुख्य मार्ग पर दबाव कम हो सकें। इस सख्त प्रवर्तन का असर साफ नजर आया और कुछ ही दिनों में कुल 2,327 चालान किए गए। खासतौर पर अवैध और गलत पार्किंग के मामलों में कार्रवाई से क्षेत्र में ट्रैफिक अनुशासन में उल्लेखनीय सुधार आया।


इसके बाद अभियान का विस्तार अंबेडकर रोड तक किया गया, जहां पूरी कैरिजवे अवैध रूप से खड़े वाहनों और रेहड़ी-पटरी के कारण बंद हो चुकी थी। हालात ऐसे थे कि वाहन चालकों को यू-टर्न लेने और गलत दिशा में चलने को मजबूर होना पड़ रहा था, जिससे हादसों का खतरा बढ़ गया था।
ट्रैफिक पुलिस और सहयोगी एजेंसियों ने संयुक्त रूप से अतिक्रमण हटाकर सड़क को पूरी तरह खाली कराया और यातायात व पैदल यात्रियों के लिए दोबारा खोल दिया।
सिर्फ कार्रवाई ही नहीं, बल्कि स्थायी समाधान के उद्देश्य से स्थानीय निवासियों, आरडब्ल्यूए और अन्य हितधारकों के साथ संवाद भी किया गया। भविष्य में अवैध पार्किंग पर रोक लगाने के लिए अंबेडकर रोड और मैक्स हॉस्पिटल रोड के सेंट्रल वर्ज व किनारों पर ‘नो पार्किंग संकेतक लगाए गए हैं।
जीरो टॉलरेंस अभियान आगे भी जारी रहेगा
ट्रैफिक पुलिस ने कहा कि जीरो टॉलरेंस अभियान आगे भी जारी रहेगा और अशोक विहार मेन मार्केट, लाला जगत नारायण मार्ग, मधुबन चौक सहित अन्य प्रमुख चौराहों और मार्गों पर भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि इन प्रयासों से न केवल जाम में कमी आई है, बल्कि सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था भी पहले से बेहतर हुई है।
ट्रैफिक अभियान की यह रही खासियत
-शालीमार बाग चौक से शुरू हुआ जीरो टॉलरेंस अभियान
-गलत पार्किंग व ट्रैफिक उल्लंघन पर 2,327 चालान किए गए
अंबेडकर रोड पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त कराया गया।
भारी वाहनों का रूट डायवर्जन कर जाम में कमी लाई गई
‘नो पार्किंग बोर्ड लगाकर स्थाई व्यवस्था कराई गई।

New Delhi news

यहां से शेयर करें