New Delhi news दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने दक्षिणी दिल्ली के आईआईटी इंटरसेक्शन पर ट्रैफिक जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए शनिवार को विशेष अभियान चलाया है।
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, इस चौराहे पर जाम लगने के प्रमुख कारणों में आईआईटी फ्लाईओवर के पास स्थित सीएनजी स्टेशन पर वाहनों की लंबी कतार, अरविंदो मार्ग स्थित एसेक्स फार्म में अधिक भीड़ के चलते सड़क किनारे पार्किंग, सरकारी शराब की दुकान के बाहर अव्यवस्थित वाहन खड़े होना तथा मदर्स इंटरनेशनल स्कूल के खुलने और छुट्टी के समय बढ़ने वाला ट्रैफिक दबाव शामिल हैं।
अतिरिक्त पुलिस आयुक्त ट्रैफिक (जोन-2) दिनेश कुमार गुप्ता ने कहा कि ट्रैफिक पुलिस ने अवैध पार्किंग पर रोक लगाने के लिए शराब की दुकान को स्थानांतरित करने का प्रस्ताव भेजा गया है। फिलहाल मौके पर ट्रैफिक पुलिस और डीटीसी स्टाफ की तैनाती कर यातायात को सुचारु किया जा रहा है।
सीएनजी स्टेशन पर आॅटो और टैक्सी चालकों को निर्धारित कतार में खड़े रहने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि लेफ्ट टर्न बाधित न हो। वहीं, एसेक्स फार्म प्रबंधन को अपने यहां ट्रैफिक मार्शल तैनात करने और सड़क पर पार्किंग न होने देने के निर्देश दिए गए हैं।
एक सप्ताह के विशेष प्रवर्तन अभियान में काटे 746 वाहनों के चालान
उन्होंने कहा कि स्कूल ट्रैफिक को नियंत्रित करने के लिए मदर्स इंटरनेशनल स्कूल प्रशासन को वैकल्पिक गेट का उपयोग करने तथा पीक आवर्स में ट्रैफिक मार्शल तैनात करने के निर्देश दिए हैं।
चौराहे के चारों ओर ट्रैफिक पुलिस और डीटीसी कर्मियों की संयुक्त तैनाती की गई है, जो वाहनों को स्टॉप लाइन के पीछे रोकने और लेन अनुशासन का पालन कराने के लिए लोगों को जागरूक कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि एक सप्ताह के विशेष प्रवर्तन अभियान में कुल 746 चालान किए गए।
अतिरिक्त पुलिस आयुक्त, ट्रैफिक (जोन-2) ने कहा कि समन्वित प्रयासों से आईआईटी चौराहे पर यातायात व्यवस्था में सुधार हुआ है। साथ ही, उन्होंने आम जनता से नियमों का पालन करने और सहयोग करने की अपील की है, ताकि ट्रैफिक व्यवस्था सुचारु बनी रहे।


New Delhi news

