Action against adulterated goods: खाद्य सुरक्षा विभाग ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई की है। विभाग की टीम ने तिलपता गांव स्थित चौधरी पनीर भंडार से लगभग 200 किलोग्राम मिलावटी और दूषित पनीर जब्त किया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी विशाल कुमार और सैयद इब्दुल्लाह के नेतृत्व में टीम ने पनीर का एक नमूना जांच के लिए लिया और शेष 200 किलोग्राम पनीर को गांव के पास एक नाले में डालकर नष्ट कर दिया।
इसी अभियान के तहत नोएडा में खाद्य सुरक्षा अधिकारी एसके पांडे और ओपी सिंह की टीम ने भी कार्रवाई की। टीम ने सेक्टर 45 स्थित गणेशपुरम रेस्टोरेंट से खोया का एक नमूना लिया। इसके अतिरिक्त नोएडा के सेक्टर 93 स्थित गोपाल स्वीट्स से भी खोया का एक नमूना एकत्र किया गया। विभाग ने कुल तीन नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे हैं। खाद्य सुरक्षा उपयुक्त सर्वेश कुमार ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर आगामी होली पर्व को ध्यान में रखते हुए यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी मिलावटखोर को बख्शा नहीं जाएगा। विभाग का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि जिले के लोगों को शुद्ध और स्वच्छ मिठाइयां तथा अन्य खाद्य पदार्थ मिलें। उन्होंने आगे कहा कि मिलावटखोरों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

