धारदार हथियार से हमला करने वाला शातिर गिरफ्तार

New Delhi news  जामा मस्जिद थाना क्षेत्र में धारदार हथियार से हमला कर गंभीर रूप से घायल करने के मामले में पुलिस ने त्वरित एवं सटीक कार्रवाई करते हुए एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान अब्दुल समद उर्फ समीर निवासी चूड़ीवालान, हौज काजी के रूप में हुई है, जो थाना हौज काजी का घोषित बदमाश बताया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, थाना जामा मस्जिद में एफआईआर संख्या 130/2026, धारा 118(1) बीएनएस के अंतर्गत 23 जनवरी 2026 की तड़के हुई घटना को लेकर मामला दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता ने बताया कि वह रात करीब 2:30 बजे मटिया महल स्थित अपने ननिहाल से घर लौट रहा था। इसी दौरान नूरी मसाले वाली गली, जामा मस्जिद के पास उसने दो व्यक्तियों को आपस में झगड़ते देखा। उनमें से एक शादाब नामक युवक को वह जानता था, जिसने झगड़ा शांत कराने के लिए उसे बुलाया। शिकायतकर्ता द्वारा बीच-बचाव करने पर दूसरा व्यक्ति, जिसने बाद में अपना नाम समद बताया, अचानक आक्रामक हो गया और उसने शिकायतकर्ता व शादाब पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे दोनों घायल हो गए। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए इंस्पेक्टर आदेश प्रकाश, थाना प्रभारी जामा मस्जिद के नेतृत्व में तथा एसीपी दरियागंज कमल शर्मा के पर्यवेक्षण में विशेष टीम गठित की गई, जिसमें उपनिरीक्षक आयुष राजपूत, हेड कांस्टेबल कुलदीप एवं कांस्टेबल लवनीश शामिल थे। टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी निगरानी और गुप्त सूचनाओं के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसकी गतिविधियों पर नजर रखी। 30 जनवरी 2026 की रात पुलिस टीम ने हौज काजी क्षेत्र के चूड़ीवालान स्थित गली हाफिज बन्ने वाली में दबिश दी। गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी ने स्वयं को घर के अंदर बंद कर लिया। इस दौरान उसके परिजनों द्वारा पुलिस कार्रवाई में बाधा डालने का प्रयास भी किया गया। बावजूद इसके, पुलिस टीम ने संयम और रणनीति के साथ कार्रवाई करते हुए दरवाजा तोड़कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी के विरुद्ध चोरी, झपटमारी, मारपीट, आर्म्स एक्ट समेत कुल 31 आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें से आठ अभी न्यायालय में विचाराधीन हैं। आरोपी हाल ही में जनवरी 2026 में ही एक अन्य मामले में जमानत पर रिहा हुआ था।

New Delhi news

यहां से शेयर करें