सेक्टर-19 में आयुष्मान कार्ड कैंप का सफल आयोजन, 50 से अधिक वरिष्ठ नागरिकों ने कराया पंजीकरण

नोएडा। सेक्टर-19 आरडब्ल्यूए ने YSS फाउंडेशन के सहयोग से सामुदायिक केंद्र में वरिष्ठ नागरिकों के लिए चौथी बार आयुष्मान कार्ड कैंप का सफल आयोजन किया। इस कैंप में 50 से अधिक निवासियों ने भाग लेकर आयुष्मान कार्ड बनवाने हेतु पंजीकरण कराया। YSS फाउंडेशन के अध्यक्ष सचिन गुप्ता ने अपनी टीम के साथ कैंप का नेतृत्व करते हुए पंजीकरण प्रक्रिया को सुचारु रूप से संपन्न कराया। उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों को आयुष्मान भारत योजना के लाभों के बारे में जागरूक करते हुए कार्ड बनवाने के लिए प्रोत्साहित किया।

सेक्टर-19 आरडब्ल्यूए के पदाधिकारियों — लक्ष्मी नारायण, आर.सी. गुप्ता, राज कुमार चौहान, एम.एल. प्रताप, एस. कृष्ण कुमार, एन.सी. वरुण एवं आर.के. पंत ने इस आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इन सभी पदाधिकारियों ने नागरिकों का मार्गदर्शन कर पंजीकरण प्रक्रिया को सरल और व्यवस्थित बनाए रखा।

उल्लेखनीय है कि यह सेक्टर-19 में आयोजित होने वाला चौथा आयुष्मान कार्ड कैंप था, जो इस बात का प्रमाण है कि आरडब्ल्यूए लगातार अपने क्षेत्र के वरिष्ठ नागरिकों को सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं से जोड़ने के लिए सक्रिय रूप से प्रयासरत है। आयुष्मान भारत योजना के तहत पात्र नागरिकों को प्रतिवर्ष 5 लाख रुपये तक का निःशुल्क इलाज सरकारी व सूचीबद्ध निजी अस्पतालों में मिलता है।

आरडब्ल्यूए के महासचिव लक्ष्मी नारायण ने बताया कि इस प्रकार के कैंपों का उद्देश्य क्षेत्र के उन वरिष्ठ नागरिकों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है, जो तकनीकी जानकारी के अभाव में इनसे वंचित रह जाते हैं। आरडब्ल्यूए आगे भी इस प्रकार के जनहितकारी कार्यक्रम आयोजित करती रहेगी।

 

यह भी पढ़ें: नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के तीसरे चरण के लिए मुआवजा वितरण शुरू, 15 हजार किसानों को मिलेंगे 8600 करोड़ रुपये

यहां से शेयर करें