हादसा रात करीब साढ़े नौ बजे हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ऑडी कार करीब 120 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ रही थी। कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई और फिर करीब 30 मीटर तक ठेलों व स्टॉल्स को कुचलती चली गई। इससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। लोग चीखते-चिल्लाते इधर-उधर भागे, लेकिन कई लोग कार की चपेट में आ गए। एक पार्क की गई कार भी पलट गई।
मृतक की पहचान भीलवाड़ा निवासी रमेश बैरवा के रूप में हुई है। घायलों को तुरंत SMS अस्पताल और जयपुरिया अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। कुछ घायलों में सिर और रीढ़ की हड्डी में चोटें हैं।
पुलिस जांच में सामने आया है कि कार में चार युवक सवार थे, जो कथित तौर पर नशे में थे और रेस लगा रहे थे। प्रारंभिक जांच में लापरवाही और शराब पीकर गाड़ी चलाने का शक जताया जा रहा है। पुलिस ने कार जब्त कर ली है और एक पुलिसकर्मी सहित दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया है, जबकि दो अन्य फरार हैं। उनकी तलाश जारी है।
हादसे का CCTV फुटेज भी सामने आ गया है, जिसमें तेज रफ्तार ऑडी को बेकाबू होकर ठेलों में घुसते और लोगों को टक्कर मारते साफ देखा जा सकता है। फुटेज सोशल मीडिया और न्यूज चैनलों पर वायरल हो रहा है।
घटना की जानकारी मिलते ही राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने घायलों के समुचित इलाज के निर्देश दिए। उपमुख्यमंत्री प्रेम चंद बैरवा ने हादसे वाली जगह का दौरा किया और अस्पतालों में भर्ती घायलों का हालचाल जाना।
पुलिस सीसीटीवी फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और फोरेंसिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है। यह हादसा तेज रफ्तार और नशे में ड्राइविंग की बढ़ती घटनाओं पर फिर से सवाल उठा रहा है।

