ग्रेटर नोएडा जेल में बंद नाइजीरियाई ड्रग तस्कर की किडनी फेल होने से मौत, 400 करोड़ की ड्रग्स केस में था आरोपी

ग्रेटर नोएडा। जिला कारागार में बंद एक नाइजीरियाई नागरिक की रविवार को किडनी की बीमारी के चलते मौत हो गई। मृतक की पहचान इग्वे सोलोमन (66 वर्ष) के रूप में हुई है, जो मई 2023 से जेल में बंद था। वह उस बड़े अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स नेटवर्क का हिस्सा था, जिसमें बीटा-2 कोतवाली पुलिस ने 13 विदेशी नागरिकों से लगभग 400 करोड़ रुपये की ड्रग्स व उसे बनाने का सामान बरामद किया था।

कैसे हुई मौत

जेल अधीक्षक बृजेश कुमार सिंह ने बताया कि रविवार सुबह अचानक इग्वे सोलोमन की तबीयत बिगड़ गई। सुबह करीब 8 बजे उसे गंभीर हालत में नजदीकी जिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां लगभग दो घंटे बाद सुबह 10:30 बजे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को मोर्चरी भेज दिया है।

जेल आने के बाद पकड़ी गई बीमारी

जेल अधीक्षक के अनुसार गिरफ्तारी के समय मई 2023 में इग्वे सोलोमन पूरी तरह स्वस्थ था। वर्ष 2024 में नियमित जांच के दौरान उसे किडनी की गंभीर बीमारी का पता चला। इसके बाद उसका दिल्ली के एम्स अस्पताल में इलाज शुरू किया गया और लगातार डायलिसिस की जा रही थी। मौत से एक दिन पहले शनिवार सुबह भी वह दिल्ली एम्स में डायलिसिस कराकर जेल वापस लौटा था, लेकिन रविवार को उसकी हालत अचानक बिगड़ गई।

400 करोड़ की ड्रग्स का था मामला

उल्लेखनीय है कि इग्वे सोलोमन को बीटा-2 कोतवाली पुलिस ने मई 2023 में एनडीपीएस एक्ट और पासपोर्ट अधिनियम के तहत गिरफ्तार किया था। यह कार्रवाई उस बड़े अभियान का हिस्सा थी, जिसमें पुलिस ने कुल 13 विदेशी नागरिकों को गिरफ्तार करते हुए लगभग 400 करोड़ रुपये की ड्रग्स और उसे तैयार करने का सामान बरामद किया था। तब से वह जिला कारागार में न्यायिक हिरासत में बंद था।

परिजन विदेश में, दूतावास को दी सूचना

जेल अधीक्षक ने बताया कि इग्वे सोलोमन के परिजन यहां मौजूद नहीं हैं। गिरफ्तारी से पहले उसकी पत्नी यहां रहती थी, लेकिन गिरफ्तारी के बाद वह वापस नाइजीरिया लौट गई। पुलिस ने नाइजीरियाई दूतावास को मौत की सूचना दे दी है। परिजनों के आने के बाद ही पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

 

यह भी पढ़ें: 100 करोड़ के अंडरपास से लेकर सड़क चौड़ीकरण तक — विधायक तेजपाल नागर ने लिया ग्रेटर नोएडा वेस्ट के विकास कार्यों का जायजा

यहां से शेयर करें