A dozen challans on GT Road: दादरी। जीटी रोड पर गाड़ियों को सजाकर चलाना पड़ा महंगा, पुलिस ने एक दर्जन वाहनों के काटे चालान, दादरी नगर के जीटी रोड पर शादी समारोह में जाने के लिए सड़क किनारे खड़ी कर दर्जनों गाड़ियों को सजाए जाने से यातायात बाधित हो गया। राहगीरों को हो रही परेशानी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करते हुए एक दर्जन वाहनों के चालान किए।
प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार मिश्रा ने बताया कि जीटी रोड पर करीब 20 गाड़ियां खड़ी कर उन्हें सजाया जा रहा था, जिससे यातायात प्रभावित हो रहा था। जांच के दौरान कई वाहनों की नंबर प्लेट गुलाबी कपड़े से ढकी मिली, जो मोटर वाहन नियमों का उल्लंघन है। इसके अलावा कुछ वाहनों का बीमा भी समाप्त पाया गया तथा अन्य दस्तावेजों और नियमों से संबंधित कमियां भी सामने आईं। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद लोगों ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की थी। शिकायत का संज्ञान लेते हुए पुलिस ने मौके पर पहुंचकर एक दर्जन वाहनों के चालान किए और नंबर प्लेटों पर लगाए गए कपड़ों को भी हटवाया। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि सार्वजनिक सड़कों पर यातायात बाधित न करें तथा वाहन चलाते समय सभी दस्तावेज पूर्ण रखें और मोटर वाहन नियमों का पालन करें।

