नोएडा में भाभी से अवैध संबंध के शक में छोटे भाई ने बड़े भाई का सिर पत्थर से कुचलकर की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

नोएडा, अवैध संबंधों के शक और पारिवारिक विवाद ने एक और खूनी रूप ले लिया है। सेक्टर-39 थाना क्षेत्र के सेक्टर-104 स्थित हाजीपुर गांव में शुक्रवार रात छोटे भाई ने अपने बड़े भाई के सिर पर पत्थर से ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी। आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

घटना हाजीपुर गांव की है। यहां रहने वाले 23 वर्षीय अनिल उर्फ टेंडी पर उसके छोटे भाई शिवकुमार ने शुक्रवार रात भारी पत्थर से हमला कर दिया। सिर पर गंभीर चोट लगने से अनिल मौके पर ही बुरी तरह घायल हो गया। परिवार के लोग उसे तुरंत अस्पताल ले गए, लेकिन शनिवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

मामले में अनिल के दूसरे भाई रामकुमार ने पुलिस को शिकायत दी। सेक्टर-39 थाने के प्रभारी निरीक्षक डीपी शुक्ल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हत्या की वजह अनिल की पत्नी और छोटे भाई शिवकुमार के बीच अवैध संबंध सामने आए हैं।

जेल से छूटने के बाद बढ़ा विवाद

पुलिस के अनुसार, कुछ समय पहले अनिल जेल में बंद था। इसी दौरान उसकी पत्नी और शिवकुमार के बीच नजदीकियां बढ़ गईं और दोनों के बीच अवैध संबंध हो गए। जेल से छूटकर आने के बाद जब अनिल को इस बात की जानकारी हुई तो उसने सख्त विरोध किया। घर में लगातार विवाद चल रहा था। इसी रंजिश में शिवकुमार ने बड़े भाई पर पत्थर से हमला कर उसकी हत्या कर दी। निरीक्षक डीपी शुक्ल ने बताया कि आरोपी शिवकुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है और शनिवार को अदालत में पेश किया जा रहा है। आगे की जांच जारी है।

मृतक का आपराधिक इतिहास

पुलिस ने बताया कि मृतक अनिल उर्फ टेंडी का आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है। उसके खिलाफ एटीएम तोड़ने, अवैध रूप से मादक पदार्थ बेचने समेत आधा दर्जन से अधिक मामले दर्ज थे। इन मामलों में वह कई बार जेल भी जा चुका था। जेल जाने से पहले भी भाइयों के बीच विवाद की बात सामने आई है। यह घटना एक बार फिर पारिवारिक विवादों और अवैध संबंधों के खतरनाक नतीजों की ओर इशारा करती है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।

यह भी पढ़ें: गाजियाबाद पुलिस चौकी धमाका: वसुंधरा चौकी में विस्फोट, डिलीवरी बॉय घायल; तहरीक-उल-मुजाहिदीन के दावे की ATS जांच

यहां से शेयर करें