नोएडा, दीपावली के पावन अवसर पर नोएडा के सेक्टर 105 में आरडब्ल्यूए कार्यकारिणी समिति ने एक सराहनीय पहल की। समिति ने सेक्टर को स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाए रखने वाले सफाई कर्मचारियों, सुरक्षा गार्डों, उद्यान विभाग तथा जल एवं सीवर विभाग के कर्मियों के साथ दीपावली मनाई और उन्हें उपहार भेंट किए। उपहार स्वीकार करते समय कर्मियों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी। इससे पूरा आयोजन भावुक और यादगार बन गया।

“खुशियां बांटना हमारा सबसे बड़ा धर्म”
आरडब्ल्यूए अध्यक्ष दिव्य कृष्णात्रेय ने कहा कि कड़ाके की ठंड हो या चिलचिलाती धूप, ये कर्मी सेक्टर की सुरक्षा, स्वच्छता और जल-सीवर जैसी बुनियादी व्यवस्थाओं के लिए दिन-रात जुटे रहते हैं। ऐसे में उनके साथ खुशियां बांटना समिति के लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि दीपावली तभी सार्थक है, जब समाज के अंतिम पायदान पर खड़े मेहनतकश व्यक्ति के घर में भी उल्लास का दीप जले।
“कोई भी उपहार छोटा”
उपाध्यक्ष श्रीमती रानी गौतम ने कहा कि इन कर्मियों की निष्ठा और सेवाभाव के सामने कोई भी उपहार छोटा है। उनके चेहरों की प्रसन्नता समिति के लिए किसी बड़े आशीर्वाद से कम नहीं। महासचिव राजीव दुबलिश ने कहा कि आरडब्ल्यूए सेक्टर 105 परिवार इन कर्मयोगियों को केवल कर्मचारी नहीं, बल्कि अपने परिवार का अभिन्न हिस्सा मानता है।
आदर्श आवासीय क्षेत्र का श्रेय मेहनतकश साथियों को
कोषाध्यक्ष सुरेश बंसल और संयुक्त सचिव अनिल भदौरिया ने कहा कि इन्हीं साथियों की मेहनत की बदौलत सेक्टर 105 नोएडा में एक आदर्श आवासीय क्षेत्र के रूप में जाना जाता है। कार्यकारिणी सदस्य उमेश माथुर, हरीश पालीवाल और महेश चौहान ने सभी को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सेवा और समर्पण का यह समन्वय शहर में एक अनूठी मिसाल पेश कर रहा है।
समाज के लिए संदेश
आरडब्ल्यूए की इस संवेदनशील पहल ने संदेश दिया कि जब त्योहार कृतज्ञता और इंसानियत के भाव से मनाए जाते हैं, तो समाज का हर कोना प्रेम और प्रकाश से रोशन हो उठता है।
यह भी पढ़ें: Scene Movie Review: सूर्या की फिल्म कैसी है? जानें पूरा रिव्यू

