दीपावली से पहले पटाखा विक्रेताओं के साथ पुलिस और फायर विभाग की बैठक, अग्नि सुरक्षा मानकों के कड़ाई से पालन के निर्देश

नोएडा। आगामी दीपावली पर्व को सुरक्षित और शांतिपूर्ण ढंग से मनाने के लिए पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर ने तैयारियां तेज कर दी हैं। पुलिस कमिश्नर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देशन और डीसीपी नोएडा श्रीमती प्रीति यादव के पर्यवेक्षण में बुधवार को सेक्टर-2 स्थित फायर स्टेशन पर पटाखा विक्रेताओं के साथ अहम बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता एडीसीपी नोएडा श्री अभय कुमार मिश्र और मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) श्री प्रदीप कुमार ने की। बैठक में अधिकारियों ने पटाखों के सुरक्षित भंडारण, बिक्री और रखरखाव को लेकर विस्तार से चर्चा की। सभी विक्रेताओं को अग्नि सुरक्षा के निर्धारित मानकों और संबंधित नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

ग्रीन पटाखे केवल अधिकृत स्थलों पर ही बिकेंगे

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि ग्रीन पटाखों की बिक्री केवल निर्धारित और अधिकृत स्थलों पर ही की जाए। विक्रेताओं से कहा गया कि बिक्री स्थलों पर अग्निशमन उपकरणों की पर्याप्त व्यवस्था रखें और आपात स्थिति से निपटने के लिए सुरक्षा इंतजाम पहले से सुनिश्चित करें।

ज्वलनशील सामग्री और विद्युत सुरक्षा पर विशेष जोर

बैठक में दुकानों और बिक्री स्थलों पर ज्वलनशील सामग्री का अनावश्यक भंडारण न करने की हिदायत दी गई। साथ ही विद्युत सुरक्षा मानकों का पालन करने और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के दिशा-निर्देश भी दिए गए।

संदिग्ध गतिविधि या आग की आशंका पर तुरंत दें सूचना

सभी विक्रेताओं को निर्देश दिया गया कि वे प्रशासन और अग्निशमन विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अग्नि दुर्घटना की आशंका होने पर संबंधित विभाग को तत्काल सूचित करें।

सुरक्षित दीपावली में विक्रेताओं की अहम भूमिका

अधिकारियों ने कहा कि दीपावली हर्षोल्लास और सुरक्षित वातावरण में मनाई जाए, इसके लिए सभी संबंधित विभागों के साथ पटाखा विक्रेताओं की भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। सुरक्षा मानकों का पालन करके किसी भी संभावित दुर्घटना और अप्रिय घटना को रोका जा सकता है। पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर ने कहा कि वह आमजन की सुरक्षा और सुरक्षित, शांतिपूर्ण व उल्लासपूर्ण दीपावली सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

यह भी पढ़ें: ग्रेटर नोएडा PNB घोटाला: BTech पास चपरासी दीपांशी गिरफ्तार, करोड़ों की हेराफेरी

यहां से शेयर करें