ग्रेटर नोएडा वेस्ट के बिसरख थाना क्षेत्र स्थित ऐस डिविनो सोसाइटी में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई। सोसाइटी की ऊपरी मंजिल से गिरने के बाद 36 वर्षीय अनिल कुमार की मौत हो गई।
मृतक की पहचान अनिल कुमार पुत्र संतोष कुमार के रूप में हुई है। वे मूल रूप से मध्य प्रदेश के निवाड़ी जिले के पृथ्वीपुर गांव के रहने वाले थे। अनिल अपनी पत्नी और छोटी बेटी के साथ नोएडा के सेक्टर-121 में रहते थे तथा टेक जोन में एक प्राइवेट कंपनी में कार्यरत थे।
परिजनों ने पुलिस को बताया कि अनिल काफी समय से मानसिक तनाव और डिप्रेशन से परेशान चल रहे थे। इसी कारण उनके फूफा ने उन्हें अपने घर बुला लिया था। अनिल घटना से तीन दिन पहले ही सोसाइटी में आए थे।
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 5:30 बजे पीआरवी-112 के जरिए घटना की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्राथमिक जांच में परिवारिक दबाव और अन्य कारणों की भी पड़ताल की जा रही है। स्रोतों के अनुसार, जब अनिल के रिश्तेदार सोसाइटी के नीचे टहलने निकले थे, उसी दौरान यह घटना हुई। पुलिस आगे की जांच में जुटी हुई है।
नोट: मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे व्यक्ति मदद ले सकते हैं। राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य हेल्पलाइन या नजदीकी परामर्श केंद्र से संपर्क करें।
यह भी पढ़ें: मोदी का AI महाशक्ति बनाने का सपना vs स्थानीय विरोध

