गोरखपुर की रचना राय ने CM योगी के सामने मंच पर लड़खड़ाई आवाज, फिर मिला ऐसा हौसला कि पूरा हॉल तालियों से गूंज उठा

लखनऊ/गोरखपुर। लखनऊ में एचसीएल टेक के आईटी सिटी के 10 साल पूरे होने के मौके पर मंगलवार को आयोजित भव्य कार्यक्रम में गोरखपुर के कौड़ीराम की रहने वाली युवा रचना राय का एक पल सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और हजारों लोगों की मौजूदगी में मंच पर अपनी बात रखने पहुंची रचना शुरुआत में काफी नर्वस नजर आईं।

माइक संभालते ही उनकी आवाज लड़खड़ाने लगी और वह अपनी बात कई बार दोहराने लगीं। कुछ देर के लिए ऐसा लगा कि भाषण पूरा करना मुश्किल हो रहा है। तभी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनकी घबराहट को समझते हुए अभिभावक जैसे अंदाज में कहा—“घबराइए नहीं, आराम से बोलिए।” साथ ही तालियां बजाकर उन्हें हौसला दिया। पूरे हॉल में तालियों की गड़गड़ाहट गूंज उठी।

इसके बाद रचना ने दोबारा शुरुआत की। धीरे-धीरे उनका आत्मविश्वास लौटता गया और वही रचना पूरे कॉन्फिडेंस के साथ अपनी कहानी और अनुभव लोगों के सामने रखने लगीं। उन्होंने टेक व्यू प्रोग्राम और संस्था का आभार व्यक्त करते हुए बताया कि इस कार्यक्रम से उन्हें मंच पर बोलने और अपनी बात रखने का आत्मविश्वास मिला। मात्र 17 साल की उम्र में टेक बीएस स्कॉलर के रूप में कंपनी से जुड़ने वाली रचना आज बिट्स पिलानी से बीएससी कर रही हैं और मीडिया एडमिनिस्ट्रेटर के रूप में कार्यरत हैं।

रचना एचसीएल जीयूवीआई इमर्जिंग टेक स्किलिंग सेंटर की छात्रा हैं। कार्यक्रम में उन्होंने अपनी ट्रेनिंग और स्किलिंग के अनुभव साझा किए। इस मौके पर एचसीएल टेक की चेयरपर्सन रोशनी नादर मल्होत्रा भी मौजूद रहीं। सीएम योगी के इस संवेदनशील और प्रोत्साहन भरे रवैये का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। लोग इसे सच्चे नेतृत्व का उदाहरण बता रहे हैं, जहां एक युवा छात्रा की घबराहट को समझकर हौसला बढ़ाया गया।

यह भी पढ़ें: शनैश्चरी अमावस्या पर शनि मंदिर सेक्टर-शैतानपुर में निःशुल्क शनि शांति व पितृ गायत्री यज्ञ, सांसद-विधायक रहेंगे शामिल

यहां से शेयर करें