शनैश्चरी अमावस्या पर शनि मंदिर सेक्टर-शैतानपुर में निःशुल्क शनि शांति व पितृ गायत्री यज्ञ, सांसद-विधायक रहेंगे शामिल

श्री सिद्ध पीठ शनि मंदिर (श्री शनि सेवा समिति पंजीकृत) नोएडा में इस वर्ष 10 अक्टूबर 2026 को विशेष योग बन रहा है। शनिवार को शनि अमावस्या और पितृ अमावस्या एक साथ पड़ रही है। इस पावन अवसर पर मंदिर प्रांगण में शनि अमावस्या एवं पितृ अमावस्या का महापर्व बड़े धूमधाम से मनाया जाएगा।

मंदिर प्रबंधन की ओर से जारी प्रेसवार्ता  में बताया गया है कि इस अवसर पर पितृदोष निवारण और शनि शांति का महायज्ञ प्रातः 10:30 बजे से शुरू होगा। यज्ञ का संचालन विद्वान आचार्य श्री पी.सी. भट्ट जी एवं उनकी टीम द्वारा विधि-विधान व मंत्रों के माध्यम से किया जाएगा। श्रद्धालु अपने पितरों के नाम से आहुति प्रदान कर सकेंगे और शनिदेव महाराज का आशीर्वाद प्राप्त कर सकेंगे। मंदिर समिति ने स्पष्ट किया है कि इस पूरे आयोजन में किसी प्रकार का कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा। सामान्य जन आएं, यज्ञ में भाग लें, पुण्य प्राप्त करें और भंडारे का लाभ उठाएं। शनि महाराज की कृपा से पूरा आयोजन निःशुल्क है। शाम 4:00 बजे से सुंदरकांड का वाचन किया जाएगा। समापन के बाद भजन संध्या और शानदार मनमोहक झांकियां प्रस्तुत की जाएंगी। पूरा वातावरण धार्मिक और मंगलमय रहेगा।

मंदिर प्रबंधन ने याद दिलाया कि शनि अमावस्या और पितृ पर्व पर विशाल भंडारा नोएडा मंदिर में 2003 से लगातार चल रहा है। साथ ही मध्य प्रदेश के ग्वालियर स्थित श्री सिद्ध पीठ शनि धाम मंदिर में भी भंडारे की व्यवस्था नोएडा मंदिर की प्रबंध समिति द्वारा ही संचालित की जाती है। ग्वालियर का शनि मंदिर त्रेता काल से विख्यात है। अक्टूबर 2003 में वहीं से अखंड ज्योतित और अमृत पत्थर से बनी शनिदेव महाराज की मूर्ति नोएडा मंदिर में विराजमान कराई गई थी। मंदिर समिति के अध्यक्ष ठा. मानसिंह चौहान और मंत्री एड. राजीव कुमार मिश्रा ने सभी शनि भक्तों और श्रद्धालुओं से विनम्र अपील की है कि वे वर्ष की अंतिम शनि अमावस्या पर मंदिर पहुंचें, महायज्ञ में भाग लें और प्रसाद के पात्र बनें।

पता: श्री सिद्ध पीठ शनि मंदिर, सैक्टर-14ए के सामने, पुलिस कंट्रोल रूम के पीछे, यमुना पुस्ता मार्ग, नोएडा।

यह भी पढ़ें: रामलीला के निमंत्रण पत्र में विवादित बिल्डर का नाम, स्थानीय लोगों में नाराजगी

यहां से शेयर करें