रामलीला के निमंत्रण पत्र में विवादित बिल्डर का नाम, स्थानीय लोगों में नाराजगी

ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा वेस्ट के ईकोटेक-12 स्थित रामलीला मैदान में आयोजित होने वाली रामलीला इन दिनों धार्मिक आयोजन से अधिक अपने निमंत्रण पत्र को लेकर चर्चा में है। आयोजकों प्रभु श्री रामलीला सेवा ट्रस्ट का दावा है कि यह पश्चिमी उत्तर प्रदेश की सबसे बड़ी रामलीला होगी। हालांकि निमंत्रण पत्र में विशिष्ट अतिथियों की सूची में इन्वेस्टर्स क्लीनिक के मालिक हनी कत्याल का नाम और फोटो देखकर कई लोग हैरान हैं।

स्थानीय निवासियों की नाराजगी

ग्रेटर नोएडा के निवासियों का कहना है कि रामलीला जैसे धार्मिक आयोजन में किसी विवादित व्यक्ति को विशिष्ट अतिथि के तौर पर बुलाना उचित नहीं है। लोगों का तर्क है कि नोएडा और ग्रेटर नोएडा के हजारों फ्लैट खरीदारों को हनी कत्याल और उनकी कंपनी इन्वेस्टर्स क्लीनिक से जुड़ी शिकायतें पहले से हैं।

हनी कत्याल पर पूर्व में लगे आरोप

रिपोर्ट के मुताबिक हनी कत्याल और उनकी कंपनियों के विरुद्ध नोएडा के कई थानों में धोखाधड़ी की शिकायतें और एफआईआर दर्ज हैं। इनमें से एक मामला नोएडा सेक्टर-34 निवासी एक महिला की शिकायत से जुड़ा है, जिसमें आरोप लगाया गया कि उनके दिवंगत पति के व्यावसायिक प्रोजेक्ट में हिस्सेदारी को वर्षों में धीरे-धीरे अवैध तरीके से हस्तांतरित कर लिया गया।

इसके अलावा कानपुर निवासी एक शिकायतकर्ता ने नोएडा सेक्टर-126 थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनसे फ्लैट दिलाने के नाम पर लगभग 47 लाख रुपये लिए गए, लेकिन सालों बाद भी न तो फ्लैट मिला और न ही पैसा वापस हुआ। इस मामले में धोखाधड़ी, विश्वासघात और धमकी से जुड़ी धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। इसी तरह गाजियाबाद के एक अन्य शिकायतकर्ता ने भी दुकान आवंटन के नाम पर ठगी का आरोप लगाया था।

निमंत्रण पत्र में शामिल अन्य बड़े नाम

रामलीला के निमंत्रण कार्ड में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, दोनों उपमुख्यमंत्री, गौतमबुद्धनगर के सांसद, दादरी विधायक और अन्य प्रतिष्ठित हस्तियों के नाम भी शामिल हैं, जिसके बीच हनी कत्याल के नाम ने ध्यान खींचा है। पुलिस का कहना है कि हनी कत्याल से जुड़ी शिकायतों की जांच की जा रही है। मामले पर आयोजकों की ओर से फिलहाल कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

यह भी पढ़ें: पोलैंड के स्कूल में चाकू से हमला, 7 घायल, 19 वर्षीय छात्र गिरफ्तार

यहां से शेयर करें