सेक्टर-94 स्थित सुपरनोवा सोसाइटी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक BMW कार सवार चालक गेट पर तैनात सुरक्षा गार्ड से उलझता नजर आ रहा है।
एक मिनट तक चली बहस, फिर तोड़ा बैरियर
वायरल वीडियो में साफ दिखाई देता है कि चालक और गार्ड के बीच करीब एक मिनट तक तीखी नोकझोंक होती है। बहस के बाद चालक गुस्से में कार को आगे बढ़ाता है और सीधे गेट पर लगे बैरियर से टक्कर मार देता है। टक्कर इतनी तेज थी कि बैरियर टूट गया और चालक कार लेकर मौके से निकल गया। सूत्रों के मुताबिक आरोपी चालक उसी सोसाइटी में एक फ्लैट पर Airbnb सेवा चलाता है। बताया जा रहा है कि वह रात के समय सोसाइटी में आया था और बाहर निकलते वक्त गार्ड के साथ उसकी बहस हो गई, जिसके बाद यह पूरा घटनाक्रम सामने आया।
नंबर प्लेट गायब होने से बढ़ा शक
वीडियो में एक अहम बात यह भी सामने आई कि कार के पीछे की नंबर प्लेट नदारद थी, जिससे वाहन की पहचान को लेकर सवाल उठ रहे हैं। इस बिंदु ने मामले को और संदिग्ध बना दिया है और सोशल मीडिया यूजर्स भी इस पर लगातार सवाल उठा रहे हैं।
पुलिस ने लिया संज्ञान, जांच शुरू
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और मामले का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि विवाद की असल वजह क्या थी और बैरियर तोड़ने की घटना किन परिस्थितियों में हुई। जांच पूरी होने के बाद ही पूरी तस्वीर साफ हो सकेगी।
यह भी पढ़ें: SIR पूरा करने वाले राज्यों को राहत, EC ने फॉर्म-6 से हटाया अतिरिक्त घोषणा पत्र

