ग्रेटर नोएडा। नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र स्थित एनआईईटी कॉलेज में छात्र-छात्राओं के दो गुटों के बीच मारपीट का मामला सामने आया है। कॉलेज परिसर में हुए इस विवाद के दौरान दोनों पक्षों में जमकर हाथापाई हुई। इस दौरान छात्राओं के साथ मारपीट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेज़ी से वायरल हो रहा है।
वायरल वीडियो में कुछ छात्र-छात्राएं आपस में उलझते और मारपीट करते नज़र आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह घटना क्लासरूम के भीतर हुई, जिसके बाद कॉलेज परिसर में अफरा-तफरी मच गई। वीडियो सामने आने के बाद कॉलेज में छात्रों की सुरक्षा व अनुशासन व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। जानकारी के अनुसार, किसी बात को लेकर छात्र-छात्राओं के दो गुटों में पहले कहासुनी हुई थी, जो बाद में मारपीट में बदल गई। हालांकि विवाद की असल वजह और इसमें शामिल छात्रों की संख्या की पुष्टि जांच के बाद ही हो पाएगी।
मामले का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच की मांग उठने लगी है। लोगों का कहना है कि वीडियो के आधार पर मारपीट में शामिल छात्रों की पहचान कर उचित कार्रवाई होनी चाहिए। अभी तक कॉलेज प्रबंधन की ओर से इस मामले में क्या कदम उठाए गए हैं, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
यह भी पढ़ें: 41 किलो गांजे के साथ तस्कर गिरफ्तार, बिहार से ट्रेन में लाकर करता था सप्लाई

