नोएडा। शहर के पुराने सेक्टरों में देखरेख की कमी अब साफ नजर आने लगी है। सेक्टर 12 के निवासियों ने पानी, सड़क, बिजली, पार्क और पार्किंग समेत 12 समस्याओं की सूची गिनाई है। लोगों का कहना है कि इन समस्याओं को लेकर उन्होंने कई बार नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन सालभर बीतने के बाद भी कोई समाधान नहीं हुआ।
ये हैं प्रमुख समस्याएं
सेक्टर 12 के पोरवा अध्यक्ष डॉ. तरसेम चंद के अनुसार, सेक्टर में जर्जर सड़कें और टूटे फुटपाथ हैं। फुटपाथों पर अतिक्रमण है और वेंडर जोन की वजह से जाम लगता है। रिवर्स ट्रैफिक, नाले-नालियों की बदहाली और खुले नाले भी बड़ी परेशानी हैं। इसके अलावा पुरानी ओवरहेड बिजली लाइनों और बार-बार बिजली कटौती की समस्या है। मुख्य सड़कों पर कूड़े के ढेर लगे रहते हैं। पार्कों और हॉर्टिकल्चर की हालत खराब है, पानी कम दबाव से आता है और शौचालयों में गंदगी है। बारिश के दौरान कई ब्लॉकों में जलभराव से भी लोगों को दिक्कत होती है। पोरवा ने सड़कों के पुनर्निर्माण, फुटपाथ कब्जामुक्त कराने, बिजली-पानी व्यवस्था सुधारने, सफाई और पार्कों के रखरखाव समेत सभी समस्याओं के समयबद्ध समाधान की मांग की है।
दो साल से टूटे पड़े हैं पार्कों के झूले
सेक्टर 12 एवरग्रीन के आरडब्ल्यूए अध्यक्ष पुनीत शुक्ला ने बताया कि पार्कों के झूले दो साल से टूटे पड़े हैं। सबमर्सिबल पंप लगा है, लेकिन खराब पड़ा है। पार्क तो हैं, लेकिन उनमें घास नहीं है।
“पहले के अधिकारियों से होता था त्वरित समाधान”
सेक्टर 12 निवासी परेश गुप्ता ने कहा कि मौजूदा अधिकारियों को कई बार शिकायत देने के बावजूद पुराने सेक्टरों का निरीक्षण तक नहीं किया जा रहा। इससे निवासियों में भारी नाराजगी है। उनके मुताबिक पहले के अधिकारियों से शिकायत करने पर उसका जल्दी समाधान हो जाता था, इसीलिए सेक्टरों में पूर्व सीईओ की चर्चा होती है।
पिता ने संवारा था सेक्टर, अब बदहाली देख मायूस परिवार
पुनीत शुक्ला ने बताया कि उनके पिता स्वर्गीय राजेंद्र शुक्ला ने 1996 में सेक्टर 12 आरडब्ल्यूए का पद संभाला था और दस साल तक सेक्टर को संवारने का काम किया। वे फोनरवा में भी लंबे समय तक कई पदों पर रहे। पुनीत के अनुसार, सेक्टर की मौजूदा बदहाल स्थिति देखकर पूरे परिवार में नाराजगी है। उन्होंने मांग की कि अधिकारी जल्द से जल्द पार्क, पार्किंग और पानी से जुड़ी असुविधाओं को दूर करें।

