ग्रेटर नोएडा। दनकौर कोतवाली क्षेत्र के बिलासपुर कस्बे में सड़क किनारे खड़ी बाइक हटाने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। बुधवार रात करीब 10 बजे हुई इस घटना में दो भाइयों समेत कुछ लोगों ने एक युवक को लाठी-डंडों से बुरी तरह पीटा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक का इलाज ग्रेटर नोएडा के एक अस्पताल में चल रहा है।
क्या है पूरा मामला
पुलिस के अनुसार, जुनेदपुर गांव निवासी नवीन बिलासपुर कस्बे में फास्ट फूड की दुकान चलाते हैं। बुधवार रात वह अपनी दुकान पर मौजूद थे, इसी दौरान उनकी बाइक सड़क किनारे खड़ी थी। पीड़ित के मुताबिक, इसी समय बिलासपुर निवासी नदीम सलमानी कार से वहां पहुंचा और बाइक हटाने को लेकर गाली-गलौज करने लगा। नवीन ने जब इसका विरोध किया, तो नदीम ने अपने भाई वसीम समेत कुछ अन्य लोगों को मौके पर बुला लिया। आरोप है कि इसके बाद सभी ने मिलकर नवीन पर लाठी-डंडों से हमला बोल दिया, जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को तुरंत अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस ने दर्ज किया मामला, गिरफ्तारी के प्रयास जारी
पीड़ित नवीन की शिकायत पर दनकौर पुलिस ने गुरुवार शाम 4 बजे दोनों भाइयों नदीम और वसीम समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।
यह भी पढ़ें: मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ कांग्रेस का देशव्यापी प्रदर्शन, कई राज्यों में हंगामा

