अमित शाह ने नोएडा में यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो का किया उद्घाटन

ग्रेटर नोएडा (गौतमबुद्ध नगर)। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS) 2026 के चौथे संस्करण का भव्य उद्घाटन किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहे। दोनों नेताओं ने एक साथ इलेक्ट्रिक गाड़ी (गोल्फ कार्ट) में बैठकर स्टॉलों का निरीक्षण किया, उत्पादों की जानकारी ली और मंच पर काफी देर तक बातचीत की। मुख्यमंत्री योगी ने गृह मंत्री को राधा-कृष्ण की मूर्ति भेंट की।

उद्घाटन समारोह में अमित शाह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि योगी सरकार ने सपा-बसपा की गुंडागर्दी को नेस्तनाबूद कर दिया है। सारे माफिया समाप्त हो गए हैं। पहले यूपी में माफियाओं का राज चलता था और अपराध की इंडस्ट्री फल-फूल रही थी। कट्टा-तमंचा का कुटीर उद्योग लगा था। लेकिन 2017 में भाजपा सरकार बनने और योगी आदित्यनाथ के मुख्यमंत्री पद संभालने के बाद स्थिति पूरी तरह बदल गई। अब कट्टा उद्योग की जगह डिफेंस कॉरिडोर बना है। अमेठी में बनी राइफल नक्सलवादियों और आतंकियों की नींद उड़ा चुकी है।

शाह ने आगे कहा कि निवेश की पहली शर्त अच्छी कानून-व्यवस्था है, दूसरी अच्छी औद्योगिक नीति, तीसरी सक्रिय सरकार और चौथी मदद करने का उत्साह। आज ये चारों चीजें उत्तर प्रदेश में मौजूद हैं। इसलिए यहां निवेश का माहौल बना है। उन्होंने याद दिलाया कि 2013 में एक निवेश कॉन्फ्रेंस लखनऊ के बजाय दिल्ली में करनी पड़ी थी क्योंकि तब अधिकारियों ने कहा था कि लखनऊ में कानून-व्यवस्था ठीक नहीं है। अब परिस्थितियां बदल चुकी हैं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में कहा कि भारत कभी सोने की चिड़िया था। देश की शक्तियां विभाजित हुईं तो भारत गुलाम हुआ। उस दौर में हस्तशिल्प, बुनकरों और पारंपरिक हुनर को भी नुकसान पहुंचा। लेकिन भाजपा सरकार ने ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट’ (ODOP) के जरिए पारंपरिक उद्योगों को नई पहचान दी। एक्सप्रेस-वे और बेहतर कनेक्टिविटी से यूपी के उत्पाद देश-दुनिया के बाजार तक पहुंच रहे हैं। विदेशी खरीदारों को यूपी के उत्पादों की गुणवत्ता पर भरोसा है।

यह ट्रेड शो 25 से 29 सितंबर तक चलेगा। आयोजकों को इस बार करीब 2 लाख करोड़ रुपये के व्यापार की उम्मीद है। इसमें 2,400 से 2,500 से ज्यादा स्टॉल लगाए गए हैं। जापान, कोरिया, वियतनाम, ऑस्ट्रिया, सिंगापुर और बेलारूस पार्टनर देशों के रूप में शामिल हैं। 85 देशों से 550 से 600 से अधिक अंतरराष्ट्रीय खरीदार पहुंचने की संभावना है। इलेक्ट्रॉनिक्स, ईवी, डिफेंस, आईटी, फूड प्रोसेसिंग और हस्तशिल्प समेत कई सेक्टर की कंपनियां हिस्सा ले रही हैं। ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन क्यूजीन’ के तहत प्रदेश के विभिन्न जिलों के पारंपरिक व्यंजन भी प्रदर्शित किए जा रहे हैं। पांच दिनों में 4.5 लाख से अधिक लोगों के पहुंचने की उम्मीद है।

ट्रेड शो में पूरे उत्तर प्रदेश की औद्योगिक और सांस्कृतिक झलक एक छत के नीचे देखने को मिल रही है। सुरक्षा व्यवस्था कड़ी है। 2,500 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं और जगह-जगह सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं।

यह आयोजन उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा फेडरेशन ऑफ इंडियन एक्सपोर्ट ऑर्गनाइजेशंस (फियो) के सहयोग से किया जा रहा है। यह यूपी के उत्पादों को वैश्विक बाजार से जोड़ने का महत्वपूर्ण मंच बन चुका है।

यह भी पढ़ें: शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका, फैक्ट्री परिसर के वाहन भी जलकर राख; एसडीआरएफ और पुलिस मौके पर

यहां से शेयर करें