नोएडा में नाबालिगों को आगे रखकर मोबाइल स्नैचिंग गैंग सक्रिय

नोएडा। सेक्टर-58 पुलिस ने मोबाइल फोन चोरी और स्नैचिंग करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए गुरुवार को तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा दो नाबालिगों को भी बाल अपचारी के रूप में पुलिस संरक्षण में लिया गया है। आरोपियों के पास से चोरी की मोटरसाइकिल, 22 मोबाइल फोन और दो अवैध चाकू बरामद हुए हैं। पुलिस के अनुसार यह गैंग पिछले करीब दो महीने से नोएडा क्षेत्र में सक्रिय था।

नाबालिगों को बनाते थे ढाल

एडीसीपी मनीषा सिंह ने बताया कि गैंग के सदस्य स्नैचिंग की वारदात के दौरान जानबूझकर नाबालिगों को आगे रखते थे, ताकि किसी को शक न हो और पकड़े जाने की आशंका कम रहे। आरोपी चोरी की बाइक पर सवार होकर नोएडा और एनसीआर क्षेत्र में मोबाइल फोन छीनने की वारदातों को अंजाम देते थे।

दिल्ली में बेचते थे मोबाइल के पार्ट्स

पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि चोरी और स्नैचिंग किए गए मोबाइल फोन को गैंग अलग-अलग पुर्जों में तोड़कर दिल्ली में बेच देता था। आरोपी अतुल गौतम इन मोबाइल फोन को दिल्ली के लक्ष्मी नगर मार्केट स्थित एक दुकान पर बेचता था और इससे मिली रकम को गैंग के सदस्य आपस में बांट लेते थे। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि लक्ष्मी नगर की उस दुकान से जुड़े अन्य लोगों की इस पूरे नेटवर्क में क्या भूमिका है।

चोरी की बाइक से देते थे वारदात को अंजाम

जांच में सामने आया कि आरोपी वारदात के लिए चोरी की मोटरसाइकिल का इस्तेमाल करते थे। मोबाइल छीनने के तुरंत बाद बाइक से मौके से फरार हो जाते थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से यूपी16ईडब्लू 6051 नंबर की चोरी की मोटरसाइकिल भी बरामद की है।

जुबिलेंट पार्क के पास से दबोचा

पुलिस ने मैनुअल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से जुबिलेंट पार्क इलाके के पास आरोपियों को पकड़ा। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अतुल गौतम (22), नितीश चौहान (18) और रिशू पांडेय (करीब 19) के रूप में हुई है। इनके अलावा दो नाबालिगों को भी बाल अपचारी मानते हुए पुलिस संरक्षण में लिया गया है।

22 मोबाइल और दो अवैध चाकू बरामद

पुलिस ने आरोपियों के पास से स्नैचिंग और चोरी के कुल 22 मोबाइल फोन, एक चोरी की मोटरसाइकिल और दो अवैध चाकू बरामद किए हैं। ये दोनों चाकू अतुल गौतम और रिशू पांडेय के पास से मिले हैं। पुलिस ने सेक्टर-58 थाने में आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धाराओं में दो मुकदमे दर्ज किए हैं, जिनमें आर्म्स एक्ट की धारा भी शामिल है।

यह भी पढ़ें: CM योगी और सहारनपुर DM को बताया था क्रिमिनल, बीती 2 रात हिरासत में

यहां से शेयर करें