जयपुर। राजस्थान में नगर निकाय चुनाव की री-पोलिंग के नतीजे गुरुवार को घोषित कर दिए गए। जयपुर, जोधपुर और कोटा नगर निगम के साथ-साथ कोटा की सुकेत नगर पालिका के कुल 9 वार्डों में हुए पुनर्मतदान का परिणाम सामने आया, जिसमें कांग्रेस को स्पष्ट बढ़त मिली है। दरअसल इन वार्डों के 10 मतदान केंद्रों पर ईवीएम में तकनीकी खराबी आने के कारण बुधवार को दोबारा वोटिंग करानी पड़ी थी। इसी के नतीजे आज सार्वजनिक किए गए।
नतीजों का ब्योरा
नगर निगम की 8 सीटों में से कांग्रेस ने 5 वार्डों पर जीत दर्ज की, जबकि भाजपा को 3 वार्डों में सफलता मिली। इसके अलावा सुकेत नगर पालिका की एक सीट पर भी कांग्रेस उम्मीदवार ने बाजी मारी। इस तरह कुल मिलाकर कांग्रेस ने 6 और भाजपा ने 3 सीटें अपने नाम कीं। खास बात यह रही कि राजधानी जयपुर में हुए पुनर्मतदान वाले सभी 4 वार्डों में भाजपा को हार का सामना करना पड़ा, जो पार्टी के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। सुकेत नगर पालिका के वार्ड नंबर-4 में भी एक बूथ पर बुधवार को दोबारा मतदान हुआ था। यहां कांग्रेस प्रत्याशी मोहम्मद रफीक ने भाजपा के सत्यराम को 117 वोटों के अंतर से पराजित किया।
मेयर चुनाव पर असर
री-पोलिंग के चलते जयपुर, जोधपुर और कोटा नगर निगम में मेयर और डिप्टी मेयर पद के लिए होने वाले चुनाव भी टालने पड़े थे। निर्वाचन आयोग ने 14 सितंबर को यह चुनाव स्थगित किया था, जो मूल रूप से 21 और 22 सितंबर को प्रस्तावित थे। अब पुनर्मतदान का परिणाम आने के बाद माना जा रहा है कि इन तीनों निगमों में मेयर-डिप्टी मेयर चुनाव का नया कार्यक्रम जल्द जारी किया जा सकता है। गौरतलब है कि जयपुर और कोटा नगर निगम में भाजपा पहले से बहुमत में है, वहीं री-पोलिंग के बाद जोधपुर में भाजपा सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी है।
प्रदेशभर का समीकरण
राजस्थान की 10 नगर निगमों की कुल 856 पार्षद सीटों के लिए 9 और 11 सितंबर को मतदान हुआ था। इनमें से 848 सीटों के परिणाम 14 सितंबर को घोषित किए जा चुके थे, जबकि शेष 8 वार्डों के नतीजे तकनीकी खराबी के कारण री-पोलिंग के बाद गुरुवार को जारी हुए। अंतिम आंकड़ों के अनुसार, प्रदेश की कुल 856 पार्षद सीटों में से भाजपा ने 406 और कांग्रेस ने 312 सीटों पर जीत दर्ज की है, जबकि शेष 138 सीटें निर्दलीय व अन्य दलों के खाते में गई हैं।

