ग्रेटर नोएडा वेस्ट। लॉ रेजिडेंशिया सोसाइटी में पिछले तीन दिनों से एक उल्लू के अचानक हमलों ने निवासियों की नींद उड़ा दी है। सोसाइटी के लोगों के मुताबिक अब तक करीब 4 से 5 लोग इस उल्लू के हमले का शिकार हो चुके हैं और कई घायल भी हुए हैं। लगातार हो रही घटनाओं के डर से रात के समय सोसाइटी परिसर में आवाजाही करने वाले लोग सहमे हुए हैं।
शाम ढलते ही सतर्क हो रहे लोग
स्थिति यह हो गई है कि शाम और रात के समय लोग अकेले फ्लैट से बाहर निकलने से बच रहे हैं। महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को भी अकेले बाहर भेजने से परिवार वाले परहेज कर रहे हैं। निवासियों का कहना है कि पार्किंग, लॉबी या सोसाइटी परिसर से गुजरते समय उल्लू अचानक ऊपर से झपट्टा मारकर हमला कर देता है और चोंच से सिर व शरीर पर वार करता है। अचानक हुए इस हमले से पीड़ित संभल भी नहीं पाते और चोटिल हो जाते हैं।
सिर से बहा खून, अस्पताल में हुआ इलाज
सोसाइटी के निवासी बिजॉय त्रिपाठी के साथ बुधवार रात करीब 11 बजे यह वाकया हुआ। ऑफिस से लौटकर गाड़ी पार्क करने के बाद वे अपने फ्लैट की तरफ जा रहे थे, तभी उल्लू ने पीछे से आकर उनके सिर पर हमला कर दिया। शुरुआत में उन्हें कुछ समझ नहीं आया, लेकिन दोबारा हमले में उनके सिर से खून बहने लगा। इसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां घाव का इलाज करने के साथ उन्हें टिटनेस का इंजेक्शन भी दिया गया।
वन विभाग से रेस्क्यू की मांग
घटनाओं से परेशान निवासियों ने वन विभाग से शिकायत दर्ज कराई है। सोसाइटी निवासी वरुण ने बताया कि लोगों में उल्लू के हमलों को लेकर डर का माहौल है और उन्होंने मांग की कि उल्लू को सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू कर उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ा जाए, ताकि आगे किसी को चोट न पहुंचे। निवासियों ने वन विभाग से जल्द कार्रवाई की अपील की है ताकि सोसाइटी परिसर से उल्लू को सुरक्षित हटाया जा सके।
यह भी पढ़ें: अमेरिका में भारतीय मूल की महिला की स्टॉकर ने की हत्या

