नोएडा, इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती के बाद एक युवक पर युवती को दिल्ली से नोएडा लाकर होटल में उसके साथ जबरदस्ती करने की कोशिश करने का आरोप लगा है। युवती ने विरोध किया तो आरोपी ने उसके साथ मारपीट की और तेजाब डालकर जान से मारने की धमकी दी। किसी तरह बच निकलने के बाद युवती के पिता की शिकायत पर फेज-3 थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घटना 1 सितंबर को हुई। मूल रूप से हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला की रहने वाली युवती पिछले करीब तीन साल से दिल्ली में रह रही है और वहीं नौकरी करती है। कुछ समय पहले उसकी इंस्टाग्राम पर भविष्य शर्मा नाम के युवक से दोस्ती हो गई थी। दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई, लेकिन परिवार को इस दोस्ती की कोई जानकारी नहीं थी।
युवती ने परिजनों को बताया कि 1 सितंबर को भविष्य शर्मा ने दोस्ती का झांसा देकर उसे नोएडा के सेक्टर-71 स्थित एक होटल में ले आया। होटल के कमरे में पहुंचने के बाद आरोपी ने उसके साथ मनमानी करने की कोशिश की। युवती ने इसका विरोध किया तो दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोपी ने युवती के साथ मारपीट की और तेजाब डालकर जान से मारने की धमकी दी। डर के मारे युवती किसी तरह आरोपी के चंगुल से निकलकर होटल से बाहर आई और घर पहुंचकर पूरी घटना परिजनों को बताई। इसके बाद पिता बेटी को लेकर फेज-3 थाने पहुंचे और पुलिस को शिकायत दी।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी भविष्य शर्मा के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच चल रही है और आरोपों के आधार पर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। घटना के बाद युवती बेहद डरी हुई है। सोशल मीडिया पर दोस्ती के नाम पर हो रही ऐसी घटनाएं बार-बार सामने आ रही हैं। पुलिस जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई करेगी। आरोपी अभी गिरफ्तार नहीं हुआ है और जांच जारी है।
यह भी पढ़ें: 217 करोड़ में लगेंगे 2200 हाईटेक सीसीटीवी कैमरे

