Greater Noida murder case: पोस्टमॉर्टम ने खोली हैवानियत की परतें, 6 साल की बच्ची के हत्यारे बलराज की बर्बरता

Greater Noida murder case: ग्रेटर नोएडा। उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में छह साल की मासूम बच्ची के साथ हुई दरिंदगी और हत्या के मामले में पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद हैवानियत की नई परतें उजागर हुई हैं। डॉक्टरों की टीम के मुताबिक, जब बच्ची का शव पोस्टमॉर्टम के लिए लाया गया, तब उसकी हालत बेहद खराब थी। शरीर पर मिले खरोंच, नाखूनों के निशान और अन्य चोटें इस बात का संकेत देती हैं कि बच्ची ने खुद को बचाने के लिए आखिरी दम तक संघर्ष किया था। रिपोर्ट के अनुसार आरोपी ने बच्ची को कसकर जकड़ लिया था और विरोध करने पर उसकी गर्दन दबाकर हत्या कर दी। डॉक्टरों ने आरोपी के पेडोफिलिया से ग्रसित होने की आशंका से भी इनकार नहीं किया है।

क्या है पूरा मामला

पुलिस के मुताबिक, ईकोटेक-3 थाना क्षेत्र के हल्दौनी गांव में यह घटना सामने आई थी, जहां शुक्रवार दोपहर करीब 3 बजे की सीसीटीवी फुटेज में बच्ची अपने पड़ोसी बलराज के साथ जाती दिखी थी। जांच में सामने आया कि उसी दिन शाम करीब 5 बजे की एक और फुटेज में बलराज एक बोरी लेकर जाता हुआ नजर आया। पुलिस के अनुसार आरोपी बलराज बच्ची के चाचा के घर किराए पर रहता था और परिवार को पहले से जानता था — इसी पहचान का फायदा उठाकर उसने बच्ची को बहलाकर अपने साथ ले जाया। पूछताछ में बलराज ने अपना जुर्म कबूल कर लिया, जिसके बाद उसकी निशानदेही पर पुलिस ने गांव से करीब दो किलोमीटर दूर एक खेत से बोरे में बंद बच्ची का शव बरामद किया। शव मिलते ही इलाके में लोगों में भारी आक्रोश फैल गया।

पोस्टमॉर्टम में दुष्कर्म की पुष्टि

डॉक्टरों के पैनल द्वारा किए गए पोस्टमार्टम में मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म किए जाने की पुष्टि हुई है। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पहले भी ऐसे संगीन मामले दर्ज थे। ग्रेटर नोएडा के पुलिस उपायुक्त शैलेंद्र कुमार सिंह के अनुसार, जांच में सामने आया कि आरोपी बलराज के खिलाफ पहले भी मासूम बच्चों के साथ दुष्कर्म और हत्या के कई मामले दर्ज थे और इससे पहले गाजियाबाद के लोनी में एक बच्ची के साथ दुष्कर्म-हत्या के मामले में उसे सजा भी हो चुकी थी।

आरोपी बलराज का एनकाउंटर

घटना के 24 घंटे के भीतर ही पुलिस ने आरोपी बलराज उर्फ बल्ला को मुठभेड़ में ढेर कर दिया। पुलिस के अनुसार, अवैध हथियार बरामद कराने के लिए ले जाते समय आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसके जवाब में हुई कार्रवाई में वह गंभीर रूप से घायल हो गया और अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस अब इस पूरे मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।

यह भी पढ़ें: Kaushambi firecracker factory explosion: मनौरी बाजार में भीषण धमाके, कई मौतें, दर्जनों झुलसे, रेस्क्यू अभियान जारी

यहां से शेयर करें