Anaya Bangar: पूर्व भारतीय ऑलराउंडर और टीम इंडिया के पूर्व बैटिंग कोच संजय बांगड़ की बेटी अनाया बांगड़ को क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (CA) से बड़ी राहत मिली है। जेंडर-अफर्मिंग सर्जरी के बाद क्रिकेट से दूर हो चुकीं 25 वर्षीय अनाया अब ऑस्ट्रेलिया में महिला कम्युनिटी क्रिकेट खेल सकेंगी। हालांकि विमेंस बिग बैश लीग (WBBL) जैसी एलीट प्रतियोगिताओं में उतरने के लिए उन्हें अभी और इंतजार करना होगा।
जून में किया था संपर्क, जुलाई में मिली मंजूरी
अनाया ने इस साल जून में क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया से संपर्क किया था। संगठन ने उनके मेडिकल रिकॉर्ड और रिसर्च रिपोर्ट की समीक्षा के बाद जुलाई में उन्हें जवाब भेजा। CA की ‘इनक्लूजन ऑफ ट्रांसजेंडर एंड जेंडर डाइवर्स प्लेयर्स इन एलीट क्रिकेट पॉलिसी’ के तहत अनाया को फिलहाल ऑस्ट्रेलिया के किसी भी राज्य या क्षेत्र में कम्युनिटी क्रिकेट खेलने की छूट दी गई है। यह मंजूरी तत्काल प्रभाव से लागू है।
एलीट क्रिकेट के लिए मार्च 2027 से पहले टेस्टोस्टेरोन टेस्ट जरूरी
CA की पॉलिसी के मुताबिक, प्रीमियर क्रिकेट को कम्युनिटी क्रिकेट माना जाता है, जबकि विमेंस बिग बैश लीग एलीट क्रिकेट के दायरे में आती है। एलीट क्रिकेट में खेलने के लिए किसी भी खिलाड़ी का सीरम टेस्टोस्टेरोन स्तर लगातार 12 महीने तक 10 nmol/L से कम रहना अनिवार्य है। अनाया के मामले में यह अवधि मार्च 2027 में पूरी होगी। उसके बाद भी उन्हें ऑस्ट्रेलिया पहुंचने पर ब्लड टेस्ट कराना होगा, जिसमें टेस्टोस्टेरोन स्तर तय सीमा से कम पाया जाना जरूरी होगा।
मार्च 2026 में थाईलैंड में हुई थी सर्जरी
अनाया ने 2023 में हार्मोन रिप्लेसमेंट थेरेपी (HRT) शुरू की थी और अगस्त 2025 में सार्वजनिक तौर पर खुद को ट्रांसजेंडर महिला घोषित किया था। इसके बाद मार्च 2026 में थाईलैंड में उनकी जेंडर-अफर्मिंग सर्जरी पूरी हुई। अनाया पहले जन्म से आर्यन बांगड़ के नाम से जानी जाती थीं।
अनाया बोलीं- कभी लगा था दोबारा क्रिकेट नहीं खेल पाऊंगी
द इंडियन एक्सप्रेस से बातचीत में अनाया ने कहा कि यह उनके लिए बेहद खास दिन है, क्योंकि एक समय उन्हें लगने लगा था कि वे शायद दोबारा कभी क्रिकेट नहीं खेल पाएंगी। उन्होंने क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया को इस मौके के लिए धन्यवाद दिया।
BCCI से नहीं मिला जवाब, भारत में नीति अब भी अस्पष्ट
अनाया के मुताबिक उन्होंने भारत में भी क्रिकेट में वापसी को लेकर स्पष्टता के लिए BCCI से संपर्क किया था, लेकिन बोर्ड की ओर से कोई जवाब नहीं मिला। दरअसल, भारत में ट्रांसजेंडर महिलाओं के महिला क्रिकेट में खेलने को लेकर BCCI की अभी कोई स्पष्ट नीति सामने नहीं आई है। वहीं अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने 2023 में ही एक नीति के तहत पुरुष यौवन (male puberty) से गुजर चुके ट्रांसजेंडर खिलाड़ियों के एलीट महिला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में खेलने पर रोक लगा दी थी। इसका मतलब है कि क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की मंजूरी के बावजूद अनाया फिलहाल किसी भी देश की ओर से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट नहीं खेल सकेंगी।
मुंबई अंडर-19 में सरफराज और मुशीर खान के साथ खेल चुकी हैं अनाया
क्रिकेट में लौटने से पहले अनाया मुंबई की एज-ग्रुप क्रिकेट का हिस्सा रह चुकी हैं। उन्होंने मुंबई अंडर-19 स्तर पर क्रिकेट खेला था, जहां वे भारतीय टेस्ट खिलाड़ी सरफराज खान और उनके भाई मुशीर खान के साथ भी खेल चुकी हैं। इंग्लैंड में रहने के दौरान उन्होंने इस्लाम जिमखाना और हिंकले क्रिकेट क्लब जैसी स्थानीय टीमों के लिए भी क्रिकेट खेला है।
पिता संजय बांगड़ और परिवार का मिला साथ
अनाया ने बताया कि उनकी ट्रांजिशन यात्रा में पिता संजय बांगड़ और परिवार का पूरा सहयोग रहा। परिवार ने उनकी हार्मोन थेरेपी में आर्थिक मदद की, हालांकि बाकी खर्च उन्होंने अपनी एज-ग्रुप क्रिकेट के दिनों की बचत से खुद उठाया। अनाया यह भी कह चुकी हैं कि ट्रांजिशन के दौरान किसी भारतीय क्रिकेट संस्था या खिलाड़ी ने उनसे संपर्क नहीं किया।

